मथुरा। कलैक्ट्रेट सभागार में सोमवार को संचारी रोगों की रोकथाम हेतु आयोजित समीक्षा बैठक में मथुरा वृंदावन नगर निगम के नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा निर्देशित किया गया कि वार्ड वार जनजागरूकता अभियान चलाये जायेगा ताकि लोगों को घरों में जमा पानी (कूलर, गमला, टायर, ड्रम आदि) को खाली कराये जाने के लिए सचेत किया जा सके। इससे मौसम जनित बीमारियों की रोकथाम पर नियंत्रण पाया जा सकेगा।
बैठक में नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत तालाब, पोखर, झील एवं जलाशयों में मच्छरों के लार्वा खत्म करने के लिये गम्बूजिया मछली डाली जायेगी । इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जनजागरूकता अभियान एवं संचारी रोगों की रोकथाम हेतु किये जाने वाले प्रयासों के लिये कार्य योजना तैयार करेंगे । अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्र एवं अर्द्ध नगरीय क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जायेगा ।
बैठक में बताया गया कि जनजागरूकता किये जाने वाले वार्ड एवं मौहल्ले में सर्वप्रथम नाली सफाई करायी जायेगी जिसके उपरांत एंटी लार्वा का छिड़काव एवं रात्रिकालीन पाली में फॉगिंग कार्य कराया जाएगा। उक्त वार्ड एवं मौहल्ले में मौहल्ला निगरानी समिति, स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम की टीम द्वारा संयुक्त रूप से डोर टू डोर जनजागरूकता अभियान चलाया जायेगा। प्रत्येक वार्ड में सप्ताह में एक बार एन्टीलार्वा एवं फोगिंग अनिवार्य रूप से करायी जाये।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अजय कुमार वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को लेकर की जाने वाली तैयारियों की जानकारी दी।
इसके अलावा नगर निगम के विभागों की समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त द्वारा सभी चल रहे कार्यों को समय से पूर्ण कराये जाने तथा ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत जलकल विभाग को पेयजल सप्लाई एवं चौक सीवर लाइन की सफाई एवं लीकेज पाइप लाइन की मरम्मत किये जाने हेतु निर्देशित किया ।
कर विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम ने बताया कि बीते वर्ष के मुकाबले इस वर्ष 3.97 करोड़ रूपये की अतिरिक्त वसूली की गयी है।
बैठक मे अपर नगर आयुक्त, समस्त सहायक नगर आयुक्त, महाप्रबंधक जल, लेखाधिकारी, अधिशासी अभियन्ता सिविल/जल/ट्रैफिक, कर निर्धारण अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी समस्त सहायक अभियंता जल/सिविल/प्रकाश, समस्त क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी, समस्त सफाई निरीक्षक परियोजना आदि अधिकारी उपस्थित रहे।