मोबाइल-टॉयलेट एवं पानी के टैंकर जगह-जगह होंगे खडे, शिकायतों का निस्तारण को बनाया कन्ट्रोल रूम, जगह-जगह बनाई जा रहीं है सुन्दर रंगोली
मथुरा, (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। कान्हा की नगरी में होली पर्व के मौके पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान करने एवं नगर की छवि को स्वच्छ व सुन्दर बनाये रखने को लेकर मथुरा-वृन्दावन नगर निगम प्रशासन ने योजनाबद्ध तरीके से सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने का निर्णय लिया है। जिसके चलते प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं परिक्रमा मार्ग में सफाई व्यवस्था के लिए अलग-अलग पालियों में सफाई कर्मियों की तैनाती की गयी है तो वहीं पर्यटक-श्रद्धालुओं को सहुलियत देने के उद्देश्य से परिक्रमा मार्ग एवं धार्मिक स्थलों के आस-पास मोबाइल-टॉयलेट एवं पानी के टैंकर स्थापित कराये गये है। इसके साथ ही पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों की शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराने के लिए कन्ट्रोल रूम भी बनाया गया है जो 24 घंटे संचालित रहेगा।
होली पर्व पर निगम की व्यवस्थाओं को लेकर महापौर डा. मुकेश आर्यबन्धु एवं नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि होली पर्व नगर में कान्हा के भक्तों का स्वागत करने के लिए नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा तैयारी की जा रही है। क्षेत्र में पडने वाले समस्त प्रमुख धार्मिक स्थलों की सफाई व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर निगम कर्मी दिनरात जुटे है। सफाई के लिए अतिरिक्त कर्मी तैनात किये गये है जिनसे 3 पालियों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करायी जा रही है। नगर निगम एवं सहयोगी संस्थाओं की टीमें लगातार परिक्रमा मार्ग एवं प्रमुख मंदिर-तीर्थस्थलों के आस-पास सफाई व्यवस्था सुचारू रखेंगी।
होली पर नगर के समस्त तिराहे-चौराहों पर रंगोली बनाते हुए चूना छिडकाव कराया जायेगा। इसके अतिरिक्त होली पर्व से पूर्व एवं उपरांत होलिका स्थलों की विशेष सफाई भी करायी जायेगी।
नगर के प्रमुख मंदिरों एवं परिक्रमा मार्ग पर पर्यटकों की सुविधार्थ एवं मोबाइल टॉयलेट एवं पानी के टैंकरों की व्यवस्था करायी गयी है। इसके अतिरिक्त समस्त मार्गों की प्रकाश व्यवस्था दुरूस्त करायी गयी है।
पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इस हेतु कन्ट्रोल रूम हेल्पलाइन न बर 0565-2503632 प्रतिदिन 24 घंटे सक्रिय किया गया है। कन्ट्रोल रूम पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण तत्काल कराये जाने हेतु समस्त अधिकारियों को आदेशित किया गया है।