आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज में लगी आग, मरीज− तीमारदारों में मचा हड़कंप

आगरा । एसएन मेडिकल कॉलेज की इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। तीमारदार मरीजों को गोद में लेकर के वार्ड से बाहर भागने लगे। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड भी मौके पर पहुंच गई। बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। गनीमत ये रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी और आगरा एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए।

मंगलवार दोपहर एसएन मेडिलक कॉलेज की नइ बिल्डिंग के बेसमेंट से अचानक धुंआ उठने लगा। इमारत में मौजूद लोगों ने धुआं उठते हुए देख उनके होश उड़ गए। तीमारदारों और कर्मचारियों ने मरीजों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। स्ट्रेचर नहीं मिला तो मरीजों को गोद में उठा लिया और इमारत से बाहर सुरक्षित स्थान की ओर आ गए।

मौके पर आई फायर बिग्रेड की टीम ने जब सर्च किया तो बेसमेंट में कचरे में आग मिली, जिसको बुझा दिया गया है। भवन से मरीजों को एमसीएच में शिफ्ट किया जा रहा है, जिसमें पहले कोविड हॉस्पिटल बनाया गया था। मरीजों को एंबुलेंस से ले जाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन के अधिकारी एसएन मेडिकल कॉलेज में मौजूद हैं।

एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ प्रशांत गुप्ता का कहना है कि आठवीं मंजिल में कुल करीब 200 मरीज भर्ती थे, जिनमें से 35 से 40 मरीज गंभीर थे। कोई कैजुअल्टी नहीं है। मरीजों को एनसीएस बिल्डिंग में शिफ्ट किया जा रहा है। शाम करीब 5:00 बजे उनको दोबारा आठ मंजिला बिल्डिंग में लाया जाएगा।