चंडीगढ़ । पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा अपने एक वायरल वीडियो को लेकर विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं। वीडियो में वह वोट अपील करने के दौरान कह रहे हैं कि भाजपा को वोट नहीं देना तो कांग्रेस को दे दो, लेकिन आप को मत देना। अश्वनी शर्मा पठानकोट से चुनाव लड़ रहे हैं। हाल ही में उनके प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पठानकोट में रैली भी की थी। हालांकि अश्वनी शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर इसे विरोधियों की चाल बताया और कहा कि वीडियो से छेड़छाड़ करके वायरल किया गया है।
वहीं वायरल वीडियो में अश्वनी शर्मा कह रहे हैं कि आम आदमी पार्टी को वोट देने का मतलब आतंकवाद को वोट डालना और पंजाब को तोड़ने वालों को वोट डालना है। यदि कोई आप को वोट डालता है तो इसका मतलब वह देश और पंजाब के साथ गद्दारी कर रहा है। यदि कोई भाजपा को वोट नहीं डालता है तो वह कांग्रेस को वोट दे दे। अपने भाषण के दौरान वह लोगों से सवालिया अंदाज में पूछ रहे हैं कि क्या वह देश से गद्दारी वालों को वोट देंगे।
पंजाब में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के वायरल वीडियो पर उनकी ओर से सफाई दी गई है। अश्वनी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने हार देखते हुए यह किया है। उन्होंने कहा कि मेरे एक सभा के भाषण को कांट छाट कर वायरल किया गया है। आप और कांग्रेस दोनों ही पंजाब के लिए घातक है। उन्होंने लोगों से भाजपा के लिए वोट देने की अपील की। अन्य कुछ नेता भी यह कह रहे हैं कि यह विरोधियों की चाल है। वायरल वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई। पार्टी इसकी शिकायत चुनाव आयोग में करके वीडियो की जांच कराएगी।
पंजाब में 20 फरवरी को मतदान होना है, पहले यह 14 फरवरी को निर्धारित था, लेकिन संत रविवास जयंती होने के कारण इसकी तारीख आगे बढ़ाई गई। इसके लिए कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कई अन्य दलों की ओर से चुनाव आयोग से सिफारिश की गई थी, जिसके बाद ये फैसला लिया गया ।