मथुरा में पुराने बस स्टैंड पर रोडवेज बस में लगी भीषण आग, एक यात्री की जलकर मौत

प्रिंस कुलश्रेष्ठ
मथुरा। महानगर के नये और पुराने बस स्टैंड में सोमवार को दो रोडवेज बसों में आग लग गयी। सुबह नए बस स्टैंड पर राजस्थान रोडवेज की बस में आग लगी तो शाम को पुराने बस स्टैंड पर यूपी रोडवेज की बस में आग लग गयी। आग लगने की इस घटना से बस स्टैंडों पर अफरा तफरी मच गई। आग लगने से एक व्यक्ति की बस में जलकर मौत हो गयी जब कि दो अन्य घायल हो गये। मौके पर पहुंची दमकल ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि शहर के रोडवेज नया बस स्टैंड पर सोमवार सुबह 11 बजे राजस्थान रोडवेज की एक बस में आग लगने से हड़कंप मच गया। नया बस स्टैंड पर राजस्थान रोडवेज के लोहा गढ़ डिपो की एक बस आकर खड़ी हुई। उसमें से जैसे ही सवारिया उतरने लगी तभी अचानक ड्राइवर के पास बने हुए इंजन में आग लगने लगी और धुआं निकलने लगा। बमुश्किल आग पर काबू पाया गया।
वही सोमवार की देर शाम शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पुराने बस स्टैंड पर उस समय अफरा तफरी मच गई जब यहां बुद्व बिहार डिपो की एक बस में आग लग गयी। बस अलीगढ़ से मथुरा पुराने बस स्टैंड पर पहुंची की लोग उसमें चढ़ने के लिए जल्दबाजी करने लगे। इसी बीच आग लग गयी। बताया जाता है कि बस स्टैंड पर शाम 4 बजे से अलीगढ़ जाने के लिये कोई बस नही थी। जिससे यात्रियों की भारी भीड़ थी। बस में अचानक आग लगने के कारण लोग उसमें से उतरने लगे। लेकिन आग ने कुछ ही देर में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के कारण एक व्यक्ति बस में ही फंस कर रह गया। जिसकी जिंदा जलकर मौत हो गयी। प्रत्यक्षदर्शी नंद किशोर ने बताया कि लोग बस में चढ़ने के लिए अपने अपने सामान को खिड़कियों से फेंक रहे थे। पुराने बस स्टेण्ड पर आग लगने की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुँच गयी। दमकल ने करीब आधा घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाख हो गयी। वहीं एक व्यक्ति की जलने से मौत हो गयी। हादसे की जानकारी मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट जवाहर श्रीवास्तव भी मौके पर पहुँच गए। दमकल अधिकारी संजय जायसवाल ने बताया की सूचना मिली की आग लगी है। दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। यात्री ने पीछे की खिड़की से बाहर निकलने का प्रयास भी किया लेकिन वह उसी में फंस गया। चंद मिनट में ही पूरी बस आग का गोला बन गई। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस जांच कर रही है। हादसे में आग बुझाते समय बस का टायर फटने से फायर मैन आकाश गौतम गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं एक यात्री इगलास जाने के लिय कोटा राजस्थान निवासी पंकज भी झुलस गया। दानो को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।