मथुरा : पैनल बॉक्स में खराबी से 8 घंटे बाद सुचारू हुई बिजली की आपूर्ति

प्रिंस कुलश्रेष्ठ
मथुरा । बंगाली घाट विद्युत उपकेंद्र पर बीती रात इनकमिंग मशीन में खराबी आ जाने से 8 घंटे से अधिक विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। जिसको कई घंटे कार्य के बाद ठीक किया गया। बताया जाता है कि बंगाली घाट फीडर में लगे बीसीबी के पैनल बॉक्स में बीती रात अचानक खराबी आ गई। जिससे इनकमिंग मशीन ने विद्युत आपूर्ति देना बंद कर दिया। जिससे फीडर से जुड़े आधा दर्जन से अधिक जुड़े क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। क्षेत्रों में गली पीरपंच गोपालपुरा, छत्ता बाजार, जनरल गंज, सत्य ऋषि नगर, प्यारे का बगीचा, बंगाली घाट, विश्राम घाट आदि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। विद्युत सप्लाई न आने से क्षेत्रीय लोगों में हाहाकार मचना शुरू हो गया। कई जगह पानी की किल्लत हो गई और क्षेत्रीय लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को फोन लगाना शुरू कर दिया। विद्युत आपूर्ति ठप होने की सूचना मिलते ही एसडीओ संदीप वाष्णेय भी बंगाली घाट फीडर पहुंच गए और आनन-फानन में विद्युत विभाग की टीम को बुलाकर खराब मशीन को ठीक कराया और 8 घंटे बाद विद्युत आपूर्ति को सुचारू कराया।