मथुरा के पेड़ों पर फिदा है ममता बनर्जी, अखिलेश के लिए वोट मांगे

लखनऊ, (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के बुलावे पर लखनऊ पहुंची पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री सुश्री ममता बनर्जी ने आज मथुरा के पेड़ों को कई बार याद किया। उन्होंने पत्रकारों के सवाल जवाब में कहा कि मथुरा का पेड़ा मुझे बहुत अच्छा लगता है मथुरा का पेड़ा आप खिलाएंगे ना। ममता बनर्जी की बात सुनकर टीवी पर देख रहे मथुरा के लोग बहुत प्रसन्न नजर आए। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले फेज की वोटिंग से दो दिन पहले लखनऊ में पश्चिम बंगाल की मुख्य मंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष के लिए वोट मांगा।
मंगलवार को अखिलेश के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा के लिए वोट की अपील करते हुए कहा कि यूपी में योगी आएगा तो आपको खा जाएगा। ममता बनर्जी ने अल्प संख्यको से एकजुट होकर सपा के लिए वोट करने की अपील की। ममता बनर्जी ने कहा कि यूपी में एनकाउंटर के नाम पर कितने लोगों को मारा एनआरसी के टाइम पर हमने देखा। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है और अगर यहां से भाजपा गई तो पूरे देश से चली जाएगी इसलिए भाजपा को उप्र में हराना जरूरी है। यूपी की लड़ाई इज्जत की लड़ाई है यूपी में यदि अखिलेश जीत जाएंगे वेस्ट यूपी आप दिशा दिखा दीजिए तो पूरा यूपी आपको फॉलो करेगा। बंगाल में टीएमसी सरकार की योजनाएं गिनाते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी सरकार उनकी नकल करती है। उन्होंने कहा कि नकल करो अच्छा चीज नकल करो। मर्डर मत करो, नोटबंदी मत करो एनआरसी मत करो, बंटवारा मत करो। टीएमसी प्रमुख ने दलितों, जाट, मुस्लिम, हिंदू सभी से एकजुट होकर सपा को वोट देने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस और एआईएमआईएम की ओर इशारा करते हुए कहा कि अपना वोट बेकार ना जाने दें।