यूपी चुनाव: उपमुख्यमंत्री मौर्य को अपने निर्वाचन क्षेत्र में लोगों ने दौड़ाया,चोर है.. के नारे भी लगे

कौशांबी (यूपी)| उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को उनके विधानसभा क्षेत्र सिराथू में उस समय विरोध का सामना करना पड़ा, जब वह वहां प्रचार करने गए थे। शनिवार को हुई इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस दौरान वह अपने विधानसभा क्षेत्र के गुलामीपुर गांव भी पहुंचे। यहां महिलाओं ने केशव मौर्य का जमकर विरोध किया। महिलाओं ने घर का दरवाजा बंद कर लिया। बाहर खड़े लोग विरोध में नारेबाजी करने लगे। केशव ने लोगों को चुप कराने की कोशिश भी की। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे केशव विरोध कर रहे एक शख्स को अपने मुंह पर उंगली रख कर चुप कराने की कोशिश कर रहे हैं।

उनके साथ मौजूद सुरक्षा के जवानों ने उन्हें बाहर निकाला। मौर्य के जाने के बाद लोगों ने केशव मौर्य चोर है.. के नारे भी लगाए गए।

खबरों के मुताबिक केशव प्रसाद मौर्य सिराथू सीट से प्रत्याशी घोषित होने के बाद पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र में पहुंचे हैं।

सिराथू में जिला पंचायत सदस्य के पति राजीव मौर्य के लापता होने और इस मामले में पुलिस की निष्क्रियता से महिलाएं कथित तौर पर नाराज हैं।

राजीव मौर्य पिछले एक हफ्ते से लापता हैं। केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को अपने परिवार वालों से मिलने गए थे।

उपमुख्यमंत्री ने अब पुलिस को राजीव को जल्द से जल्द खोजने के लिए एक विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया है। हालांकि दैनिक राजपथ इस वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता।

इस पूर् मामले में केशव मौर्या की ओर से सफाई भी आई है। मौर्य ने मुद्दा विहीन विपक्ष और उसकी आईटी टीम इस विषय पर भ्रामक दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया है। सफाई में कहा गया है कि ‘जनपद सिराथू का एक वीडियो विपक्षियों द्वारा वायरल किया जा रहा है, जिसमें केशव मौर्य का विरोध करती हुई कुछ महिलाएं हैं।’