यूपी : हाईकोर्ट के आठ जज संक्रमित, अब डिजिटल तरीके से होगी सुनवाई, वकीलों को भी परिसर में घुसने की अनुमति नहीं
प्रयागराज । उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी के बीच अब तक आठ जजों के कोरोना संक्रमित होने के बाद इलाहाबाद उच्च न्यायालय प्रशासन ने इलाहाबाद हाईकोर्ट व लखनऊ पीठ में 10 जनवरी से सिर्फ वर्चुअल सुनवाई करने का निर्णय लिया है। रविवार को मुख्य न्यायमूर्ति राजेश बिंदल की अध्यक्षता में वरिष्ठ जजों व बार के प्रतिनिधियों की हुई वर्चुअल बैठक में यह निर्णय लिया गया।
किसी भी अधिवक्ता को उच्च न्यायालय के परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी । इस संबंध में उच्च न्यायालय के महानिबंधक आशीष गर्ग द्वारा एक अधिसूचना जारी की गई जिसके मुताबिक, 10 जनवरी से न्यूनतम संख्या में उच्च न्यायालय के कर्मचारी उपस्थित रहेंगे ।
अधिसूचना के मुताबिक, सोमवार से आपराधिक अपील जिसमें दोषी व्यक्ति हिरासत में है, सजा निलंबन के आवेदन और जमानत के आवेदनों को छोड़कर केवल नए मामले सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किए जाएंगे । इसके अलावा, उन पुराने मामलों को जिनकी सुनवाई की तिथि पहले से निर्धारित है, अगली तारीख के लिए टाला जाएगा ।