मथुरा। दिल्ली के मुखर्जी नगर में गुरूवार को जिस कोचिंग सेंटर में आग लगी थी उसमें मथुरा के भी कई बच्चे थे, जिन्होंने बमुश्किल अपनी जान बचाई। मोती कुंज नि. वेदांत शर्मा जो इसी कोचिंग में अध्ययनरत है ने बताया कि जिस बिल्डिंग में कोचिंग सेंटर था उसकी टॉप मंजिल पर किन्ही कारणवश आग लग गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही लड़के-लड़कियों में हडकम्प मच गया। वे सभी रस्सा के सहारे खिड़की से लटक कर नीचे उतरने लगे। एक ही रस्सा पर हडबडाहट में तीन-चार बच्चे टकरा गये। जिससे कई मंजिल ऊपर से एक लडकी गिर गई जिसकी मरणासन्न स्थिति हो गई। उसे तुरन्त अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा कई छात्र भी चुटैल हो गये। छात्र वेदांत शर्मा ने बताया वह खुद जान बचाने की खातिर करीब 12 फुट ऊपर से नीचे कूदा जिससे उसके भी चोट आई है।
दिल्ली के मुखर्जी नगर में संस्कृति कोचिंग सेंटर में आग लगने से पढ़ने वाले छात्रों ने छत से कूदकर अपनी जान बचाई। आग बुझाने के लिए 11 दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और रस्सी के सहारे रेस्कयू अभियान चलाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कैसे कोचिंग सेंटर के छात्र तीसरी मंजिल से रस्सी से नीचे कूद रहे हैं। वहीं दमकल विभाग ने भी मौके पर पहुंचकर छात्रों को रेस्क्यू किया और बताया कि सभी छात्र सुरक्षित हैं। बताया जाता है कोचिंग सेंटर में 400 छात्र मौजूद थे।