बड़ी खबर: यूपी के तेज-तर्रार आईपीएस ने बीजेपी से चुनाव लड़ने के लिए नौकरी छोड़ी

लखनऊ। प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होते ही एक बड़ी खबर प्रकाश में आई है। कानपुर के पुलिस कमिश्नर तेज तर्रार आईपीएस असीम अरुण ने बीआरएस के लिए आवेदन किया है। समझा जा रहा है कि वह भाजपा की टिकट से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें भाजपा में शामिल होकर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया हैं।

यूपी चुनाव की तारीखों का एलान हो चुका है और सभी दलों ने इसका स्वागत करते हुए अपनी-अपनी जीत के दावे किए हैं। इस बीच कानपुर के पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने वीआरएस (एच्छिक सेवा निवृत्ति) के लिए आवेदन किया है। उन्होंने जारी किए गए बयान में कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें भाजपा में शामिल होने का प्रस्ताव दिया है। इसके बाद से उनके विधानसभा चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं।

इस संबंध में बयान जारी करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने एच्छिक सेवा निवृत्ति के लिए आवेदन किया है क्योंकि अब राष्ट्र और समाज की सेवा एक नए रूप में करना चाहता हूं। मैं बहुत गौरवांवित अनुभव कर रहा हूं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे भाजपा की सदस्यता के योग्य समझा।
उन्होंने कहा कि मैं प्रयास करूंगा कि पुलिस बलों के संगठन के अनुभव और सिस्टम विकसित करने के कौशल से पार्टी को अपनी सेवाएं दूं और पार्टी में विविध अनुभव के व्यक्तियों को शामिल करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल को सार्थक बनाऊं।

उनका कहना है कि मैं प्रयास करूंगा कि महात्मा गांधी द्वारा दिए गए तिलस्म कि सबसे कमजोर और गरीब व्यक्ति के हितार्थ हमेशा कार्य करूं, आईपीएस की नौकरी और अब यह सम्मान, सब बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा अवसर की समानता के लिए रचित व्यवस्था के कारण ही संभव है। मैं उनके उच्च आदर्शों का अनुसरण करते हुए अनुसूचित जाति और जनजाति एवं सभी वर्गों के भाइयों और बहनों के सम्मान, सुरक्षा और उत्थान के लिए कार्य करूंगा। मैं समझता हूं कि यह सम्मान मुझे मेरे पिता स्व. श्रीराम अरुण एवं माता स्व. शशि अरुण के पुण्य कर्मों के प्रताप के कारण ही मिल रहा है।