दिल्ली में नई कोविड गाइलाइन जारी: मार्केट्स और मॉल्स में ऑड-ईवन आधार पर खुलेंगी दुकानें

नई दिल्ली । दिल्ली में कोरोना के मामले बढ़ने के साथ तमाम जगहों पर लोगों की रैंडम चेकिंग की जा रही है ताकि संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सके। रेलवे स्टेशनों पर भी विशेष तौर पर सतर्कता बरती जा रही है। यहां यात्रियों की रैंडम कोरोना आरटीपीसीआर व रैपिड एंटीजन जांच हो रही है। राज्य में लगातार प्रतिबंध कड़े किए जा रहे हैं । इस बीच शुक्रवार को दिल्ली सरकार ने मार्केट, कॉम्प्लेक्स और मॉल की दुकानों के लिए नई गाइडलाइंस जारी की हैं ।

दिल्ली सरकार ने नए आदेश के मुताबिक मार्केट, कॉम्प्लेक्स और मॉल में जो दुकानें गैर जरूरी चीजों की हैं, वे सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक ऑड-ईवन आधार पर खुलेंगी । प्रति दिन क्षेत्र में केवल एक अधिकृत साप्ताहिक बाजार (सामान्य समय पर विक्रेताओं की 50% सीमा तक) की अनुमति होगी।

सारे जिलाधिकारी, म्युनिसिपल कॉरपोरेशन्स 24 घंटे में अपने क्षेत्राधिकार में दुकानों की संख्या को देखेंगे और यह सुनिश्चित कराएंगे कि ऑड-ईवन आधार पर ही उनके इलाके में दुकानें खुलें ।

दरअसल गुरुवार को दिल्ली में कोविड केस 15 हजार के पार दर्ज किए गए। 6 मरीजों की मृत्यु भी हुई, दिल्ली में अब संक्रमण दर साढ़े 15 फीसदी से अधिक पहुंच गया है। दिल्ली में कोरोना संक्रमण के कारण हुई कुल मृत्यु का आंकड़ा कुल 25,127 हो गया है।

राजधानी में कुल 6900 मरीज ठीक होकर अपने घर वापस जा चुके हैं। सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 31498 हो गई है। इसके अलावा दिल्ली के विभिन्न कोविड अस्पतालों में कुल 1091 मरीज मौजूदा वक्त में भर्ती हैं।

इनमें कुल 135 मरीज दिल्ली के बाहर से हैं और 869 मरीज दिल्ली राज्य से हैं। साथ ही 769 मरीज बिना ऑक्सीजन सपोर्ट पर है, 211 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं और 24 मरीज वेंटिलेटर पर हैं।