एसएसपी मथुरा सहित डेढ़ दर्जन आईपीएस अधिकारियों के तबादले, शैलेश पांडे मथुरा के नए एसएसपी होंगे

मथुरा । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा सहित उत्तर प्रदेश सरकार ने 18 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। मथुरा के एसएसपी अभिषेक यादव को साइड लाइन पोस्टिंग मिली है। उन्हें पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मुख्यालय उत्तर प्रदेश लखनऊ भेजा गया है। उनके स्थान पर इलाहाबाद प्रयागराज के एसएसपी शैलेश पांडे को मथुरा का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। सन 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी शैलेश पांडे मथुरा के एसपी सिटी रह चुके हैं। बताया जाता है कि एसएसपी अभिषेक यादव से सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के स्थानीय नेता और जनप्रतिनिधि काफी नाखुश चल रहे थे। उनके अलावा आगरा के एसएसपी प्रभाकर चौधरी को भी साइड लाइन पोस्टिंग मिली है उन्हें सीतापुर में 11 वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक बहराइच केशव कुमार चौधरी को अपर पुलिस आयुक्त/ पुलिस उपायुक्त आगरा, प्रशांत वर्मा एसएसपी अयोध्या को पुलिस अधीक्षक बहराइच के पद पर तैनाती दी गई है। अशोक मुथा जैन अपर पुलिस महानिदेशक को वाराणसी का पुलिस आयुक्त बनाया गया है। लंबे समय से नोएडा गौतम बुद्ध नगर के कमिश्नर के पद पर जमे आलोक सिंह को अपर पुलिस महानिदेशक कार्यालय पुलिस महानिदेशक लखनऊ भेजा गया है । इनके अलावा पुलिस कमिश्नर वाराणसी ए सतीश गणेश को भी पुलिस महानिदेशक कार्यालय स्थानांतरित कर दिया गया है । लखनऊ परिक्षेत्र की आईजी श्रीमती लक्ष्मी सिंह नोएडा गौतम बुद्ध नगर की नई पुलिस कमिश्नर होंगी। प्रतीक्षारत चल रहे पुलिस महानिरीक्षक अजय मिश्रा को पुलिस कमिश्नर गाजियाबाद बनाया गया है । पुलिस महानिरीक्षक कारागार डा प्रीतिंदर सिंह आगरा के नए पुलिस कमिश्नर होंगे। आईजी बरेली रमित शर्मा कमिश्नर प्रयागराज बनाए गए हैं। इनके अलावा उत्तर प्रदेश शासन में गृह सचिव पद पर तैनात तरुण गाबा आईजी लखनऊ परिक्षेत्र डॉ राकेश सिंह आईजी प्रयागराज को आईजी बरेली परिक्षेत्र चंद्रप्रकाश दितीय पुलिस महानिरीक्षक को आईजी प्रयागराज मुनिराज एसएसपी गाजियाबाद को एसएसपी अयोध्या के पद पर भेजा गया है।