मथुरा। शीत लहर के दृष्टिगत बेसहारा एवं आश्रयहीन व्यक्तियों के ठण्ड से बचाव एवं आश्रय हेतु नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। नगर आयुक्त अनुनय झा ने सोमवार को नगला कोल्हू स्थित स्थायी आश्रय भवन का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्था मुकम्मल करने के निर्देश दिए है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त द्वारा आश्रय भवन के शौचालय, रसोईघर, कमरों आदि को देखा गया । नगर आयुक्त श्री झा ने कहा कि नगर में प्रमुख स्थानों पर रैन बसेरा बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। रैन बसेरा में स्वच्छ रजाई गद्दे के अलावा हीटर चाय की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देश है कि शीत लहर में असहाय गरीब निर्बल जन को किसी भी हालत में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए उसके लिए नगर निगम वचनबद्ध है।
उन्होंने आश्रय भवन को संचालित करने वाली संस्था के प्रतिनिधि को प्रतिदिन भवन की सफाई कराने के साथ साथ यहाँ ठहरने वाले व्यक्तियों का विवरण उपस्थिति पंजिका में दर्ज किये जाने को कहा है। आश्रय भवन में कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन किया जाना चाहिए ।