टेंट व कैटरर्स एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक मथुरा में सम्पन्न, गैस सिलेंडर किल्लत पर जताई चिंता

मथुरा। टेंट, कैटरर्स और डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को मथुरा में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के करीब 35 जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया और व्यापार से जुड़ी समस्याओं व आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एक ओर सरकार गैस की कोई कमी न होने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर व्यापारियों को समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इससे व्यापार प्रभावित हो रहा है और छोटे उद्योगों पर संकट के हालात बन रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सिलेंडर न मिलने की स्थिति में शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में कोयले का इस्तेमाल करना पड़ रहा है जिससे चिंगारियों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। समस्या के समाधान के लिए एसोसिएशन द्वारा प्रत्येक जिले से सरकार को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की जाएगी।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एसोसिएशन का अगला वार्षिक महाधिवेशन कानपुर में आयोजित किया जाएगा जिससे संगठन को और अधिक मजबूत करने में मदद मिलेगी। एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि व्यापारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए ताकि इस क्षेत्र से जुड़े लाखों लोगों का रोजगार सुरक्षित रह सके।
बैठक में रवि अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, कमल गुप्ता, गौरव अग्रवाल, हेमंत, पंकज सैनी, एकता अग्रवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।