यूपी के मुख्य चुनाव आयुक्त मथुरा आए, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर ली बैठक
10 अप्रैल को अंतिम सूची होगी प्रकाशित
मथुरा।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की अध्यक्षता में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान 2026 के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह सहित जनपद के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि 10 अप्रैल 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा और इसे पूरी तरह शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए आयोग प्रतिबद्ध है।
उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि अंतिम प्रकाशन से पूर्व डाटा की विधिवत जांच कर डाउनलोडिंग की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए गए कि 10 अप्रैल 2026 को प्रातः 11 बजे तक सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक बुलाकर उन्हें अंतिम मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाए तथा उसकी प्राप्ति रसीद मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे. जैन, उप जिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता, उप जिलाधिकारी मांट रितु सिरोही, उप जिलाधिकारी महावन कंचन, उप जिलाधिकारी गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी, अपर नगर मजिस्ट्रेट वृंदावन राजकुमार चौधरी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खंडेलवाल सहित सभी तहसीलों के तहसीलदार उपस्थित रहे।