प्रिंस कुलश्रेष्ठ
मथुरा। थाना बलदेव के गांव तल्फीगढ़ी में सोमवार सुबह ट्रैक्टर निकालने को लेकर हुए खूनी संघर्ष में गोली लगने से घायल एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गयी जबकि एक गर्भवती महिला समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। जिनका मथुरा और आगरा के अस्पतालो में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं।
घटना की सूचना पर एसएसपी सहित पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस मामले में पुलिस लाइसेंसी बंदूक सहित आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बलदेव के गांव तल्फीगढ़ी निवासी दिनेश पुत्र हीरालाल जाट खेत जोतकर प्लॉट से अपना ट्रैक्टर निकाल रहा था। उसे ट्रैक्टर निकालने से फौजी जगदीश पुत्र हरप्रसाद ने टोका। इस पर दोनों में बहस होने लगी। बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। इसी बीच लाइसेंसी बंदूक से गोलियां चलाई गई। इस बीच सामान लेने आए पक्की गढ़ी के रूप सिंह (32) पुत्र नत्थी के सिर में छर्रे लगे तो खून से लथपथ वह गिर पड़ा। इसके अलावा वीपी सिंह पुत्र सौदान सिंह, विकास पुत्र अमर सिंह, सोनू पुत्र सतीश, मोहिनी पत्नी दिनेश, अनीता पुत्र हीरा सिंह और सतीश पुत्र दीवान सिंह निवासी तल्फीगढ़ी और नौहरा निवासी राजकुमार पुत्र लाखन सिंह भी घायल हो गए। रूप सिंह ने आगरा जाते हुए रास्ते में दम तोड़ दिया जबकि चार घायल को आगरा और तीन मथुरा में भर्ती कराए गए हैं।
घटना की सूचना पर एसएसपी गौरव ग्रोवर एसपी देहात श्री चंद सहित पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। गांव में तनावपूर्ण स्थिति देखते हुए तत्काल भारी संख्या में पुलिस फोर्स के अलावा पीएसी को लगा दिया गया। एसएसपी ने बताया कि हमलावरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आधा दर्जन युवकों को पकड़ लिया गया है जिन से पूछताछ की जा रही है।
एसपी देहात ने बताया कि मृतक रूप सिंह एक तमाशबीन व्यक्ति है जो झगड़े को देख रहा था। हमले के दौरान मृतक के सिर में गोली लगी थी। इसको आगरा ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्दी उनको भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा । गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों का फोर्स और पीएसी को तैनात किया गया है। मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।