लखनऊ। लखनऊ के विपुलखंड स्थित सीएसआई टावर में रहने वाली एक महिला आईएएस अधिकारी ने अपने रिटायर्ड आईएएस पति बाला प्रसाद अवस्थी पर कई सालों से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने तहरीर में आरोप लगाया है कि वर्ष 1990 में शादी के बाद से ही पति उन्हें धमकाते रहे। दूसरी शादी करने की धमकी भी दी। साथ ही उनके वेतन से सिर्फ छह हजार रुपये देते थे।
महिला आईएएस की ओर से अपने आईएएस पति के खिलाफ पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, उन दोनों का 5 मई 1990 को विवाह हुआ था, जिसके बाद हनीमून के दौरान उन्हें पता चला कि उनका पति शारीरिक रूप से अक्षम है । लेकिन वह उल्टा उन पर शारीरिक अक्षमता का आरोप लगाते हुए मारपीट करने लगे। महिला आईएएस ने आरोप लगाया कि पति की इस शारीरिक कमजोरी के कारण उनका परिवार कभी पूरा नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि उनके पति हमेशा ही किसी दूसरी महिला के पास चले जाना का धमकी देते थे और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट करते हैं।
महिला आईएएस का आरोप है कि कुछ माह पहले वह और उनकी मां कोरोना संक्रमित हो गई थीं, जिस कारण हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। इस बीच उनके पति ने उनके बैंक खाते से 19.50 लाख रुपये का गबन किया। इसके साथ ही पति ने डाक्टर को दिखाए बिना उन्हें गलत दवाइयां देने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि कोविड के दौरान उन्हें ब्लैक फंगस जैसी गंभीर बीमारी हुई, लेकिन पति ने उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी, ताकि समय पर मुझे इलाज न मिल सके और समस्या गंभीर होती जाए । वहीं शादी के इतने दिनों बाद ऐसे आरोप लगाने को लेकर सवाल पर उन्होंने कहा कि परिवार को टूटने से बचाने के लिए वह इतने दिनों सारे दुख तकलीफ सहती रहीं, लेकिन अब मामला उनकी बर्दाश्त से बाहर हो चुका है ।