नई दिल्ली । दिल्ली से दुबई के लिए उड़ान भरने वाले स्पाइसजेट के बी737 विमान को मंगलवार को पाकिस्तान के कराची में आपात लैंडिग करायी गयी। सभी यात्री सुरक्षित हैं। स्पाइस जेट के प्रवक्ता ने कहा कि विमान को कराची में उतारा गया। यात्रियों को विमान से बाहर निकाल लिया गया। उसने कहा, किसी आपात स्थिति की घोषणा नहीं की गई और विमान की सामान्य लैंडिंग हो गई। विमान के साथ किसी भी खराबी की पहले कोई रिपोर्ट नहीं थी। संकेतक लाइट में तकनीकी खराबी के कारण विमान को कराची की ओर मोड़ दिया गया।’ प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों को जलपान कराया गया है। एक विमान को कराची भेजा जा रहा है जो यात्रियों को दुबई ले जाएगा। पिछले 17 दिनों में स्पाइसजेट के विमान में इस तरह की यह छठी घटना है। इससे पहले शनिवार को नई दिल्ली से मध्य प्रदेश के जबलपुर जा रहे स्पाइसजेट के विमान के केबिन धुआं भरने के बाद उसे सुरक्षित दिल्ली हवाई अड्डे पर उतारा गया। चालक दल के सदस्यों ने करीब 5000 फुट की ऊंचाई पर केबिन में धुआं देखा था। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय सभी घटनाओं की जांच कर रहा है।