मथुरा पुलिस ने चैकिंग में पकड़ी साढ़े 42 लाख रु की नकदी

मथुरा। जनपद पुलिस ने विधानसभा चुनाव के दौरान जगह-जगह चेकिंग में दो स्थानों से करीब 43 लाख रु की नकदी जब्त की है। थाना छाता कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर केडी मेडिकल कॉलेज के समीप कार्यकारी मजिस्ट्रेट डॉ लोकेश शर्मा ने पुलिस कर्मियों के साथ चेकिंग के दौरान एक कार सवार से तीन लाख 50 हजार रु की नकदी बरामद की है। नगद धनराशि के बारे में पूछे जाने पर गाड़ी का ड्राइवर शाहिद निवासी फरीदाबाद कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका जिस पर उक्त धनराशि जब्त कर ली गई।
इसके अलावा जमुनापार पुलिस ने चेकिंग के दौरान दिल्ली जा रहे अनिल कुमार से 39 लाख रु की नगद धनराशि पकड़ी है। इतनी बड़ी धनराशि पकड़े जाने पर पुलिस ने इनकम टैक्स विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए थाने पर बुलाया है। एस पी सिटी एमपी सिंह के अनुसार अनिल कुमार उक्त धनराशि के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे । समाचार लिखे जाने तक इनकम टैक्स की टीम थाने पर पूछताछ कर रही है।