धर्मशाला । विश्व कप 2023 में भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। अब भारत के पास 10 अंक हैं। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 273 रन बनाए। भारत ने छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की जीत के हीरो विराट कोहली रहे जिन्होंने 95 रन की बेहतरीन पारी खेली। शमी ने इससे पहले 5 विकेट लिए थे।
भारत के लिए विराट कोहली ने 95 रन की पारी खेली। रोहित शर्मा ने 46 और रवींद्र जडेजा ने नाबाद 39 रन बनाए। श्रेयस ने 33, राहुल ने 27 और गिल ने 26 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड के लिए लॉकी फर्ग्यूसन ने दो विकेट लिए। वहीं, बोल्ट-हेनरी और सैंटनर को एक-एक विकेट मिला।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। डेवोन कॉन्वे खाता खोले बिना ही सिराज का शिकार बने। विल यंग भी 17 रन बनाकर शमी की गेंद पर बोल्ड हो गए। 19 रन पर दो विकेट गिरने के बाद रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल ने न्यूजीलैंड की पारी को संभाला। पावरप्ले खत्म होने के बाद कीवी टीम का स्कोर 34/2 था। 13 ओवर में न्यूजीलैंड का स्कोर 50 के पार और 21 ओवर में 100 के पार पहुंचा। रवींद्र ने 56 गेंद और मिचेल ने 60 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। ये दोनों मिलकर न्यूजीलैंड का स्कोर 150 रन के पार ले गए। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 159 रन की साझेदारी हुई। 178 रन पर न्यूजीलैंड का तीसरा विकेट गिरा। रवींद्र 75 रन बनाकर शमी का दूसरा शिकार बने।
मिचेल ने लाथम के साथ मिलकर न्यूजीलैंड का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। हालांकि, लाथम पांच रन बनाकर कुलदीप की गेंद पर आउट हो गए, लेकिन मिचले जमे रहे। उन्होंने 100 गेंद में अपना शतक पूरा किया। दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे। कुलदीप ने फिलिप्स को 23 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा। चैपमैन भी आठ रन बनाकर बुमराह का शिकार बने। शमी ने न्यूजीलैंड की पारी के 48वें ओवर में सैंटनर और मैट हेनरी को बोल्ड किया। पारी के आखिरी ओवर में उन्होंने मिचेल को 130 रन के स्कोर पर आउट कर मैच में पांचवां विकेट हासिल किया। अंत में कीवी टीम 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 273 रन बना पाई। भारत के लिए शमी के पांच विकेट के अलावा कुलदीप ने दो और बुमराह-सिराज ने एक-एक विकेट लिया।