मथुरा पुलिस की बडी कार्यवाही: चावल ले जा रहे ट्रक से अवैध वसूली में चार कथित पत्रकार- तीन पुलिसकर्मी दबौचे

अनुज सिंघल

फरह। राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात राशन का चावल ले जा रहे ट्रक से अवैध वसूली करने के आरोप में मथुरा के एक महिला सहित चार कथित पत्रकार और थाना फरह के एक दरोगा दो पुलिसकर्मियों को एसओजीटीम और मथुरा पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुये धर दबोचा है। पूरी कार्यवाही एसपी सिटी एम पी सिंह के नेतत्व में हुई है। इस मामले में आगरा जोन के आई जी के दखल से मथुरा पुलिस प्रशासन चेता है। आरोपी पुलिस कर्मियो के खिलाफ निलंबन की कार्यवाही की जा रही है।

बताते है फरह थाने के पुलिसकर्मियों और कथित पत्रकारों की मिलीभगत से यह खेल काफी समय से चल रहा था। प्राप्त सूचना के अनुसार देर रात एक चावल का ट्रक ट्रक आगरा से कैथल (हरियाणा) के लिए चला । रात्रि करीब 10 बजे फरह हाईवे टोल प्लाजा के समीप चार कथित पत्रकारों ने अपनी कार से ओवरटेक करके चावल से भरे ट्रक को रुकवा लिया और डरा धमका कर तीन लाख रुपये की डिमांड करने लगे।
उनके साथ थाना फरह के तीन पुलिसकर्मी शामिल बताये जाते हैं।

ट्रक ड्राइवर ने उसकी सूचना आगरा अपने मालिक को दी। ट्रक मालिक द्वारा पूरा मामला आईजी रेंज आगरा को बताया गया। आईजी आगरा के हस्तक्षेप के बाद मथुरा पुलिस अलर्ट हो गयी। मौके पर तुरन्त एसपी सिटी, सीओ रिफाइनरी समेत आला अधिकारी पहुंच गये और तथाकथित सभी पत्रकार और तीन पुलिसकर्मियों को थाने ले आये। रात्रि भर थाना फरह में मथुरा के बडे अधिकारियों का जमावडा रहा। आज दोपहर तक पुलिस सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाही कर रही है। अधिकृत तौर पर फ़िलहाल पुलिस अधिकारी कुछ नहीं बता रहे है। चर्चाओं में कथित पत्रकारों के नाम अजित, बहादुर, ऋचा, जितेंद्र आदि एवं पुलिसकर्मी दरोगा दिगम्बर सिंह कांस्टेबल राम नरेश, संजय बताये जा रहे है। इस मामले में दो और पत्रकारों के नाम बताये जा रहे है।