गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के ग्रह जनपद में सोमवार को मंडलायुक्त एन जी रवि कुमार की अध्यक्षता में शहर में जल भराव की समस्या को दूर करने के साथ साथ विभिन्न नाले और नालियों के निर्माण की स्थिति और सड़क के निर्माण के संबंध मे बैठक में गहन विचार विमर्श हुआ।
बैठक में कमिश्नर रवि कुमार ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह ऐसी योजना बनाए कि शहर में कहीं भी जलभराव ना हो और बारिश के पानी की निकासी त्वरित हो। उन्होंने कहा कि जर्जर सड़कों की मरम्मत के लिए एस्टीमेट बनाए जाएं। कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वह चाहते हैं कि मुख्यमंत्री जी के गृह जनपद की प्रदेश में एक अलग पहचान बननी चाहिए।
बैठक में शहर के अत्यधिक जल जमाव के चिन्हित 11 स्थलों से जल निकासी के संबंध में मंथन किया गया और सभी विभागों से अलग-अलग क्षेत्रों में जल निकासी संबंध में कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने हेतु आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया। इसी क्रम में शहर में सड़कों के निर्माण हेतु कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
इस बैठक में जिलाधिकारी उपाध्यक्ष गोरखपुर विकास प्राधिकरण प्रेम रंजन सिंह सचिव विकास प्राधिकरण एवं नगर आयुक्त नगर निगम अविनाश कुमार सिंह मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी प्रोजेक्ट मैनेजर जल निगम मुख्य अभियंता विकास प्राधिकरण एवं मुख्य अभियंता नगर निगम उपस्थित थे।