मुख्यमंत्री योगी ने किया मथुरा-वृन्दावन के लिए करोड़ों रुपए की योजनाओं का लोकार्पण- शिलान्यास, इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी
मथुरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मथुरा के लिए बड़ी सौगात दी है। उन्होंने लखनऊ से वर्चुअल नगर विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा राज्य स्मार्ट सिटी मिशन स्वच्छ भारत मिशन के साथ-साथ मथुरा वृंदावन के प्रमुख चौराहों पर वाई-फाई की सुविधा प्रधानमंत्री आवास योजना के के अलावा इलेक्ट्रिक बसों को फ्लैग आफ करते हुए लोकार्पण एवं शिलान्यास किया है। वेटरनरी कॉलेज स्थित किसान भवन में आयोजित कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल कार्यक्रम के तहत 50 इलेक्ट्रिक बसों के लिए नगर निगम द्वारा वृंदावन में 815 लाख रु में बनाए गए चार्जिंग स्टेशन/ मेंटेनेंस डिपो का लोकार्पण किया।

मथुरा-वृन्दावन के लिए 50 इलेक्ट्रिक बस शासन द्वारा दी जानी है जिनका संचालन मथुरा-वृन्दावन के 18 रूटों पर किया जायेगा । प्रथम चरण में 5 ई-बस प्राप्त हुई हैं जिनको विधायक गोवर्धन करिंदा सिंह विधायक बलदेव पूरन प्रकाश महापौर डा. मुकेश आर्यबन्धु जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल नगर आयुक्त अनुनय झा एवं नगर निगम के समस्त पार्षदगण तथा अधिकारीगण द्वारा फ्लैग ऑफ कर रवाना किया गया।
इसके अलावा राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अन्तर्गत नगर निगम मथुरा-वृन्दावन क्षेत्रान्तर्गत 38.56 करोड़ रु की लागत से इन्टीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आई.टी.एम.एस.) की स्थापना 20 तिराहे चौराहों में (शौ सैया तिराहा, प्रेम मन्दिर तिराहा, अटल्ला चुंगी चैराहा, छटीकरा चौराहा, हनुमान मन्दिर तिराहा, मल्टीलेवल पार्किंग, स्टेट बैंक तिराहा, गोवर्धन चौराहा, मण्डी चौराहा, टैंक चौराहा, मसानी तिराहा, गोकुल रेस्टोरेन्ट चौराहा, टाउनशिप चौराहा, लक्ष्मीनगर चौराहा, नया बस अड्डा, कृष्णापुरी तिराहा, भूतेश्वर तिराहा, होलीगेट , भरतपुर गेट चौराहा, डीग गेट की जायेगी। उक्त कार्य का शिलांयास मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। वही राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अन्तर्गत छटीकरा से प्रेम मंदिर मार्ग को स्मार्ट रोड के रूप में 3035.19 लाख रु के द्वारा सौंदर्यीकरण का कार्य तथा वृन्दावन जोन में रू0 40.96 करोड़ की लागत से मल्टी लेवल स्मार्ट कार पार्किंग का निर्माण कार्य ,भूतेश्वर जोन में रू0 46.97 करोड़ की लागत से नगर निगम मथुरा-वृन्दावन का नवीन भवन निर्माण कार्य कराया जायेगा। इन प्रस्तावित कार्यो का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल रूप से किया गया है।
कार्यक्रम के संबंध में नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि आज जिन कार्यो का शिलान्यास हुआ है उनके पूर्ण होने से मथुरा वृंदावन की गिनती देश के बड़े शहरो में होने लगेगी। आगामी एक माह में काफी संख्या में इलेक्ट्रिक बस मथुरा को मिल जाएंगी।