मैनपुरी में 1 बजे तक 31.35 फीसदी हुई वोटिंग, ड‍िंंपल यादव बोलीं- भाजपा गलत तरीके से लड़ रही चुनाव

मैनपुरी । यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट के साथ ही रामपुर और खतौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने परिवार सहित मतदान किया। इस दौरान अखिलेश ने कहा कि प्रशासन वोट डालने में बाधा पहुंचा रहा है। चुनाव आयोग के अनुसार 1 बजे तक मैनपुरी में 31.75 प्रतिशत, खतौली 33.2 प्रतिशत और रामपुर में 20 प्रतिशत मतदान हुआ है। अखिलेश यादव ने कहा कि रामपुर में लोगों को घरों से नहीं निकलने दिया जा रहा है। तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। प्रशासन वोटिंग रोकने की कोशिश कर रहा है। रामपुर में निष्पक्ष चुनाव नहीं हो रहा। चुनाव आयोग वोट रोकने पर कार्रवाई करे। रामपुर में फोर्स मांगनी पड़ी है। चुनाव आयोग हर बात को नजरअंदाज कर रहा है। प्रशासनिक अधिकारी बात करने के लिए तैयार नहीं है। मैनपुरी प्रशासन पर भी अखिलेश यादव ने गंभीर आरोप लगाए।

अखिलेश यादव बोले- मुझे उम्मीद है कि समाजवादी पार्टी की अच्छी जीत होगी। 2024 की भी शुरूआत होगी लेकिन उससे भी बड़ी बात यह है कि नेताजी इस क्षेत्र में काम करते रहे हैं। यह नेताजी का क्षेत्र रहा है, नेताजी को याद कर लोग मतदान करने पहुंच रहे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि रामपुर में प्रशासन भाजपा को समर्थन कर रहा है। रामपुर में मतदाताओं पर पुलिस लाठियां बरसा रही है। कई सपा नेताओं पर लाठीचार्ज किया गया। रामपुर में ऐसी कई तस्वीरें सामने आई हैं। कई दिन से पुलिस कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। लोगों को वोट नहीं डालने दिया जा रहा है।

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव ने कहा कि मैं समझती हूं कि समाजवादी पार्टी मैनपुरी उपचुनाव अच्छे वोटों से जीत रही है। लोग इस बात को समझ रहे हैं कि भाजपा गलत तरीके से चुनाव लड़ रही है और चुनाव परिणाम आने के बाद उन्हें इसका जवाब मिलेगा।

प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मतदान जारी है। पुलिस का जो अभी तक दबाव था इसलिए हमें रातभर घूमना पड़ा। जनता नेता जी को बहुत प्यार करती है। अब नेताजी नहीं हैं तो उनकी सीट पर सपा प्रत्याशी डिंपल यादव हैं। यहां की जनता भारी बहुमत से डिंपल को जिताएगी।