लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह की मौजूदगी में लोक भवन में आयोजित भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में कहा कि विधानसभा चुनाव मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों और उनके नाम पर ही जीता जा सकता है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विधायकों और टिकट के दावेदारों को विधानसभा क्षेत्रों में भावी प्रत्याशी लिखकर पोस्टर, बैनर व होर्डिंग्स नहीं लगाने की नसीहत दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह की मौजूदगी में लोक भवन में आयोजित भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में कहा कि विधानसभा चुनाव मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों और उनके नाम पर ही जीता जा सकता है। इसलिए विधायक अपने क्षेत्र में न केवल सरकार की उपलब्धियों का प्रचार प्रसार करें बल्कि मोदी-योगी के नाम का ही प्रचार करें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विधायक जनता के बीच जाकर उन्हें सरकार की ओर से किए गए कार्यों को बताएं। उन्होंने बुधवार को विधानमंडल के दोनों सदनों में प्रस्तुत होने वाले अनुपूरक बजट के दौरान सदन में शत प्रतिशत विधायकों को उपस्थित रहने को कहा।
उन्होंने कहा कि सरकार मिशन शक्ति के तीसरे चरण की शुरुआत 21 अगस्त से कर रही है। विधायक भी मिशन शक्ति में अपना योगदान दें। इस अवसर पर संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना सहित अन्य मंत्री मौजूद थे।
प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विधायक प्रत्येक सेक्टर के 75 लोगों का सम्मान करें। इनमें चिकित्सकों, महिलाओं, लाभार्थियों, युवाओं सहित अलग-अलग क्षेत्र के लोग शामिल हों। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा वर्ष 2022 में जीत का चौका लगाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014, 2017 और 2019 के बाद 2022 में भी भाजपा की जीत का अभियान जारी रहेगा।