मथुरा में एनएचएआई की लापरवाही के चलते सर्विस रोड़ बना मौत का रास्ता

मथुरा। बरसात का मौसम नेशनल हाईवे ऑथर्टी द्वारा हाईवे-2 के सर्विस रोड पर बरती जा रही लापरवाह कार्यप्रणाली की पोल खोलने वाला साबित हो रहा है। इसी लापरवाही के कारण इन दिनों हाईवे पर चलना खतरनाक हो गया है हालांकि ऑथर्टी द्वारा मुख्य मार्ग पर पेच वर्क किये जा रहे है लेकिन सर्विस रोड़ को तो जैसे लावारिस ही छोड़ दिया गया है। जिससे इस रोड़ पर बने गड्डे बरसात का पानी भरने से दिखाई न देने के कारण दुर्घटना का सबब बन गये है। हाईवे पर सबसे ज्यादा दयनीय स्थिति मथुरा-वृन्दावन नगर निगम क्षेत्र के जयगुरूदेव आश्रम, मण्डी समिति एवं छटीकरा क्षेत्र में देखी जा रही है। यहां आये दिन वाहनों के पलटने से सवारियों के घायल होने के समाचार प्रकाशित होते रहते है। आज भी यहां एक टेम्पू के पलटने की घटना हुई है।

यहां एनएचएआई की लापरवाही का शिकार केवल वाहन चालक ही नही है बल्कि क्षेत्रिय नागरिक भी जल भराव के कारण उत्पन्न होने वाली तमाम समस्याओं से ग्रस्त है। पिछले पखबाडे ही नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा आमजन की फरियाद पर नयति अस्पताल आदि क्षेत्रों का दौरा कर इन क्षेत्रों में से जगह-जगह भरे जल को निकलवाया था। पुनः उत्पन्न इस समस्या को लेकर नगर आयुक्त श्री झा ने ऑथोरिटी को कड़ा पत्र लिखा है।

प्रसिद्ध मार्बल टाइल विक्रेता कन्हैयालाल मित्तल ने हाईवे के सर्विस मार्ग पर जलभराव पर कड़ी चिंता जाहिर करते हुए कहा है की हजारों नागरिकों वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । सरकारी प्रबंध तंत्र योगी सरकार की छवि खराब करने पर आमादा है।