मुख्यमंत्री से शिकायत का असर : विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने वृंदावन में हरे कृष्ण ऑर्किड सोसायटी में कराई सीलिंग की बड़ी कार्यवाही

वृंदावन। हरे कृष्ण ऑर्किड सोसायटी में आज मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्यवाही करते हुए पार्किंग की जमीन पर बने छह बैंकट हॉल, दो रेस्टोरेंट, एक किचन को सील कर दिया है। सीलिंग की कार्रवाई विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एस बी सिंह ने स्वयं अपनी मौजूदगी में करवाई। इससे पूर्व एक अवैध निर्माण को स्वंय हटा लिया गया। उन्होंने बताया कि यहां अवैध रूप से होटल संचालित हो रहा था।
हरे कृष्ण ऑर्किड सोसायटी में सीलिंग की कार्रवाई की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में वहां फ्लैट में रह रहे लोग एकत्रित हो गए।

सीलिंग की कार्रवाई में प्राधिकरण के ओएसडी प्रसून द्विवेदी अधिशासी अभियंता अमरदीप सिंह सहित सभी सहायक अभियंता, अवर अभियंता बड़ी मात्रा में पुलिस बल मौजूद रहा।
इस संबंध में विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एस बी सिंह ने बताया कि सोसाइटी में पार्किंग की भूमि के अलावा अन्य प्रतिबंधित स्थान पर अवैध निर्माण कर लिया गया था जिसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की गई थी।

उन्होंने कहा कि स्वीकृत मानचित्र से विपरीत निर्माण करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। इस रिसॉर्ट में अब तक तीन बार सीलिंग की कार्यवाही बीते एक सप्ताह में की जा चुकी है।
उल्लेखनीय रहे कि इसी कालौनी के अपार्टमेंट ऑनर्स एसो. के महासचिव प्रमोद सिंघल ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री से जनता दरबार के दौरान शिकायत की थी कि वृंदावन के हरे कृष्णा आर्किड आवासीय कॉलोनी सुनरख रोड में अवैध रूप से होटल संचालित है।