सिंगल यूज प्लास्टिक का विकल्प तैयार करने वाले स्टार्टअप को मिलेगी सहायता

नई दिल्ली । दिल्ली ने यूनाइटेड नेशंस एनवायरनमेंट प्रोग्राम (यूएनईपी) के सहयोग से सिंगल यूज प्लास्टिक और प्लास्टिक कचरा प्रबंधन का ट्रेनिंग प्रोग्राम का शुरू किया है। दिल्ली सरकार का मानना है कि जब तक अन्य विकल्पों को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा तब तक सिंगल यूज प्लास्टिक वस्तुओं को रोकना संभव नहीं है। इसको देखते हुए दिल्ली सरकार सिंगल यूज प्लास्टिक के अन्य विकल्पों पर स्टार्टअप शुरू करने वाले को सहायता देगी। दिल्ली में बढ़ रहे प्रदूषण के खिलाफ,विंटर एक्शन प्लान की तर्ज पर समर एक्शन प्लान को भी शुरू किया गया है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक वस्तुओं को रोकने के लिए जागरुकता अभियान जरूरी है, साथ ही साथ इसके उपयोग को रोकने के लिए जन आंदोलन की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जबतक अन्य विकल्पों को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा, तब तक सिंगल यूज प्लास्टिक वस्तुओं को रोकना संभव नहीं है।

उन्होंने बताया कि प्रदूषण में एकल उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल की बहुत बड़ी भूमिका हैं। एकल उपयोग प्लास्टिक जैसे स्ट्रॉ पॉलिथिन, प्लास्टिक गिलास इत्यादि जो फेंक दिये जाने पर दोबारा उपयोग में लाए नहीं जा सकते हैं। ऐसे में लोग कई बार इसे खत्म करने के लिए जमीन में दबा या जला कर इसे नष्ट करने कि कोशिश करते हैं जोकि वायु, जल और भूमि प्रदूषण के लिए गंभीर खतरा भी हैं।

ऐसे में प्लास्टिक कचरे के प्रभावी प्रबंधन के लिये पर्याप्त जानकारी की जरूरत है, न केवल उनके लिये जो यह कचरा उत्पादित करते हैं बल्कि उनके लिये भी जो इसे उठाते हैं और इसका प्रबंधन करते हैं।

इसलिए पर्यावरण विभाग द्वारा यूएनईपी के सहयोग से सिंगल यूज प्लास्टिक और प्लास्टिक कचरा प्रबंधन पर ट्रेनिंग प्रोग्राम का आयोजन किया है। यूएनईपी के सहयोग से संचालित यह ट्रेनिंग कार्यक्रम से इस क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को बेहतर जानकारी उपल्बध होगी साथ ही इससे संबंधित कानूनी प्रक्रिया अपनाने में असानी होगी।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित ट्रेनिंग प्रोग्राम को सम्बोधित करते हुए बताया कि पर्यावरण मंत्रालय प्रदूषण के विरुद्ध हर उचित कदम उठा रहा है। इस ट्रेनिंग प्राग्राम में पर्यावरण विभाग, डीपीसीसी, राजस्व विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग तथा एनजीओ एवं अन्य संबंधित संस्थान जैसे यूनईपी, आईपीसीए, चिंतन इत्यादि के अधिकारी सम्मिलित हुए।

पर्यावरण मंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार सिंगल यूज प्लास्टिक के अन्य विकल्पों पर स्टार्टअप शुरू करने वाले को सहायता देगी इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। एकल उपयोग प्लास्टिक वस्तुओं को रोकने और प्लास्टिक कचरा प्रबंधन अधिनियम के कार्यान्वयन के लिए दिल्ली सरकार ने कई वैकल्पिक मॉडल को अपनाने के लिए रूपरेखा बनाई है। साथ ही सरकार एकल उपयोग प्लास्टिक के वैकल्पिक मॉडल पर कम शुरू करने वालो को सहायता भी मुहैया कराएगी।