मथुरा। विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिये हर जिले में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया जा रहा है। मथुरा महानगर के तीन दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ गुरुवार को एक स्थानीय होटल में हुआ। प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवम् मथुरा वृंदावन विधायक श्रीकांत शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रथम सत्र का शुभारंभ किया। महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने श्रीकांत शर्मा को स्मॄति चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रथम सत्र के मुख्य वक्ता पूर्व ऊर्जा मंत्री ने भाजपा का इतिहास और विकास विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है जो भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए कृतसंकल्प है। भारत को एक समर्थ राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा का गठन 6 अप्रैल, 1980 को नई दिल्ली के कोटला मैदान में आयोजित एक कार्यकर्ता अधिवेशन में किया गया, जिसके प्रथम अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी निर्वाचित हुए। अपनी स्थापना के साथ ही भाजपा ने अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं लोकहित के विषयों पर मुखर रहते हुए भारतीय लोकतंत्र में अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज की तथा भारतीय राजनीति को नए आयाम दिए।

प्रथम दिन के दूसरे सत्र में मुख्य वक्ता प्रदेश कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य ने हमारा विचार परिवार विषय पर सम्बोधित करते हुए कहा कि शाश्वत विचारों की वाहक भाजपा किसी एक कार्य के लिए नहीं बनी। हम सांसद, विधायक और सत्ता के लिए काम करने वाले लोग नहीं हैं, हम राष्ट्र निर्माण के प्रति विचारों के विकास और उत्थान के लिए काम करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय इतिहास में नए युग का निर्माण हुआ है। कार्यकर्ताओं के सहयोग से ही आज देश को ऊंचाईयों तक पहुंचाने का काम कर रही भाजपा।
प्रशिक्षण शिविर के वर्ग प्रमुख और महानगर महामंत्री प्रदीप गोस्वामी ने बताया कि पहले दिन भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण शिविर में भाजपा के इतिहास विकास, 2014 के बाद युगांतरकारी परिवर्तन, बदली हुई परिस्थिति में भाजपा का दायित्व विषयों पर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी गयी। अगले दो दिन भारत की वैचारिक मुख्यधारा कार्य पद्धति और संगठन संरचना में भूमिका पिछले 6 वर्षों में अंत्योदय पहल, आत्मनिर्भर भारत, भारत की बढ़ती सुरक्षा सामर्थ्य, सोशल मीडिया की समझ, व्यक्तित्व के विकास, केंद्र सरकार की विकास योजनाएं एवं प्रदेश की विकास योजनाएं के साथ प्रदेश में राजनीतिक परिदृश्य पर प्रशिक्षण दिया जायेगा।
भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में पूर्व सांसद पदाधिकारी पूर्व विधायक और कुछ कार्यकर्ता शामिल किए गए हैं। इसमें लगभग प्रथम 195 अपेक्षित लोग प्रशिक्षित किए जा रहे हैं। 15 बिंदुओं पर सभी को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में भारतीय जनता पार्टी के विकास, संगठन एवं पार्टी की नीतियों अनुशासन के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम में गोवर्धन विधायक मेघश्याम सिंह, महापौर मुकेश आर्यबंधु, उप्र सहकारी बैंक अध्यक्ष चौ तेजवीर सिंह, मथुरा महानगर प्रभारी अनिल चौधरी, चेतन स्वरूप पाराशर, महामंत्री राजू यादव, सुनील चतुर्वेदी, राजवीर सिंह, ज्ञानेंद्र राणा, हेमंत अग्रवाल, राजेश सिंह पिंटू, श्याम सिंघल, गजेंद्र चौधरी, राजेंद्र पटेल, सुरभि अग्रवाल, पन्नालाल गौतम, प्रेम सिंह, जुगल किशोर अग्रवाल, पूजा चौधरी, पंकज चतुर्वेदी, सुरेंद्र निषाद, पवन हिंडोल, राजेश गुप्ता, सुरेंद्र निषाद, विजय शर्मा पार्षद, नीरज नट्टू, श्याम शर्मा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.