कासगंज स्टेशन पर निर्माण कार्य से रेल यातायात प्रभावित, बरेली-मथुरा रूट के यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

28, 29 अक्टूबर और 1 व 4 नवंबर को तीन घंटे का ब्लॉक, कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

मथुरा । कासगंज रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य के चलते बरेली-कासगंज रेल रूट पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। 28 और 29 अक्टूबर तथा 1 और 4 नवंबर को ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान कुछ ट्रेनों के गंतव्य स्टेशन में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनें देरी से चलेंगी।

इज्जतनगर मंडल के अनुसार, कासगंज स्टेशन पर 12 मीटर लंबे पैदल पुल के गर्डर चढ़ाने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित चारों दिनों में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक तीन घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा।

निर्धारित व्यवस्था के तहत ट्रेन संख्या 55328 बरेली सिटी-कासगंज कासगंज सिटी तक ही संचालित होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 55338 बरेली टाउन-कासगंज का संचालन मारहरा स्टेशन तक सीमित रहेगा। इसके अलावा ट्रेन संख्या 55327 कासगंज-बरेली कासगंज जंक्शन के बजाय कासगंज सिटी से रवाना होगी।

निर्माण कार्य का असर अन्य ट्रेनों पर भी पड़ेगा। ट्रेन संख्या 55335 कासगंज-मथुरा 2 घंटे 20 मिनट की देरी से चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 15038 कासगंज-कानपुर अनवरगंज को 20 मिनट की देरी से संचालित किया जाएगा।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेन का समय और प्रस्थान स्टेशन अवश्य जांच लें। ट्रेनों की ताजा स्थिति के लिए रेलवे पूछताछ सेवा या एनटीईएस (NTES) का सहारा लिया जा सकता है।