वृंदावन रोड पर टूरिस्ट बस ने ली युवक की जान, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

मथुरा। वृंदावन मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में रॉन्ग साइड से आ रही टूरिस्ट बस ने एक्टिवा सवार युवक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान किशन निषाद निवासी अक्रूर ग्राम के रूप में हुई है।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर वात्सल्य ग्राम के सामने सड़क पर चक्का जाम कर दिया।

ग्रामीणों ने बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। चक्काजाम के चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास करते हुए कार्रवाई का भरोसा दिलाया और जाम खुलवाने की कोशिश की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।