गोवर्धन में सपा नेता रामगोपाल ने सरकार पर साधा निशाना, देश का संचालन करने वालों को सद्बुद्धि की प्रार्थना
हनुमान बाग आश्रम में पूजा-अर्चना के बाद भंडारे में शामिल हुए, कानून-व्यवस्था और अर्थव्यवस्था पर उठाए सवाल
गोवर्धन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो रामगोपाल यादव सोमवार को डीग रोड स्थित हनुमान बाग आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने हनुमान जी के दर्शन-पूजन के उपरांत भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया और संत सियाराम दास से आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने सनातन संस्कृति का संदेश भी दिया।
आश्रम में लाला और बाबा की 33वीं पुण्यतिथि महोत्सव के अवसर पर आयोजित भंडारे में साधु-संतों और ब्राह्मणों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। प्रो रामगोपाल यादव करीब दो घंटे तक आश्रम में रहे।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है और वे हनुमान जी से प्रार्थना करते हैं कि देश का संचालन करने वालों को सद्बुद्धि मिले, ताकि वे देशहित में निर्णय लें।
मुजफ्फरनगर के चर्चित अंकित बाल्यान हत्याकांड और उसके बाद हुए एनकाउंटर के मुद्दे पर उन्होंने यूपी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को कमजोर बताते हुए उक्त एनकाउंटर को फर्जी करार दिया।
सपा के पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले पर भाजपा नेताओं की टिप्पणी का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा पीडीए की ताकत को भलीभांति समझती है और इसी कारण उसके नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
इस अवसर पर चरण कौशिक, गिरधारी सेठ, गौरी शंकर, ठाकुर किशोर सिंह, सतीश ब्रजवासी, संत सूतीक्षण महाराज, पूरन प्रकाश कौशिक, सियाराम शर्मा सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।