कानपुर । उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को गंगा नदी के किनारे खेत में दो इंजन वाला प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार पायलट और सह-पायलट दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों के मुताबिक चार सीटों वाला दो इंजन का टेकनम प्रशिक्षण विमान सुबह करीब 11:50 बजे ग्वालटोली थाना क्षेत्र के नत्थापुरवा गांव स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ। प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि विमान दुर्घटना से पहले नियंत्रण खो बैठा था। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
कानपुर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने दोनों पायलटों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस और बचाव दल ने दुर्घटनास्थल को घेर लिया है। हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार मृतक पायलट सचिन गुजरात के रहने वाले थे और उनके पास 3 हजार घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव था। सह-पायलट अभिषेक पुजारी कर्नाटक के निवासी थे। हादसे में दोनों की जान चली गई। घटना की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को दे दी गई है। डीजीसीए की टीम के भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करने की संभावना है। विस्तृत जांच के बाद ही विमान दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। गौरतलब है कि हाल के महीनों में प्रशिक्षण विमानों से जुड़े हादसे सामने आए हैं। जून में उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में दो सीटों वाला प्रशिक्षण विमान खेत में गिर गया था। हादसे में महिला पायलट घायल हुई थीं। वहीं मई में महाराष्ट्र के बारामती के पास गोजुबावी गांव के निकट रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी के प्रशिक्षण विमान की हार्ड लैंडिंग हुई थी। कानपुर हादसे की जांच जारी है और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद दुर्घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।