मथुरा को सुंदर बनाने की बड़ी कवायद: अवैध विज्ञापनों पर चला नगर निगम का चाबुक, वसूला भारी जुर्माना

नगर आयुक्त ओजस्वी राज का सख्त आदेश: न्यू बस स्टैंड से कचहरी तक हटे अवैध पोस्टर, 50 हजार की पेनल्टी

मथुरा । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व के दृष्टिगत नगर निगम मथुरा-वृंदावन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। नगर आयुक्त ओजस्वी राज के निर्देशों के क्रम में नगर निगम की टीम ने मथुरा जोन अंतर्गत अवैध होर्डिंग्स, पोस्टर, बैनर एवं अन्य प्रचार सामग्री के विरुद्ध व्यापक और सघन अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ₹50 हजार का भारी जुर्माना भी अधिरोपित किया गया।

बिना पूर्व अनुमति सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए अवैध विज्ञापनों को हटाने के लिए नगर निगम की टीम प्रातः काल से ही सड़कों पर उतरी। अभियान के दौरान शहर के मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थलों को अवैध विज्ञापनों से मुक्त कराया गया। न्यू बस स्टैंड एवं सेंट्रम होटल क्षेत्र,एसबीआई चौराहा से मछली पुल मार्ग,एसएसपी कार्यालय क्षेत्र ,कचहरी के सामने पेट्रोल पंप क्षेत्र में ये कार्यवाही की गई।

नगर निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जन्माष्टमी पर्व पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत हेतु शहर की स्वच्छता, सुंदरता और सुव्यवस्थित स्वरूप को बनाए रखना प्राथमिकता है। यह अभियान पूरे नगर निगम क्षेत्र में आगे भी बिना किसी ढील के निरंतर जारी रहेगा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों, संस्थानों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक संपत्तियों पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार के पोस्टर, बैनर या फ्लेक्स न लगाएं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में नियम तोड़ने वालों पर केवल जुर्माना ही नहीं, बल्कि आवश्यकतानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।