25 अगस्त को वृंदावन आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, वैशिष्ट्याम हॉल का करेंगे लोकार्पण

वृंदावन । साध्वी ऋतम्भरा के आश्रम वात्सल्य ग्राम द्वारा आयोजित राष्ट्र रक्षा सूत्र यात्रा के 25वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 अगस्त को वृंदावन आएंगे। मुख्यमंत्री यहां दिव्यांग बच्चों के लिए बनाए गए वैशिष्ट्याम हॉल का लोकार्पण करने के साथ राष्ट्र रक्षा सूत्र बंधन यात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह जानकारी सोमवार को वरिष्ठ पत्रकार भानु प्रताप शुक्ल के परिनिर्वाण दिवस पर संविद् गुरुकुलम् गर्ल्स सैनिक स्कूल के सभागार में आयोजित राष्ट्र चिंतन दिवस कार्यक्रम में साध्वी ऋतम्भरा ने दी।

कार्यक्रम में साध्वी ऋतम्भरा ने कहा कि राष्ट्र रक्षा सूत्र की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर 25 अगस्त को मुख्यमंत्री को एक लाख 11 हजार राखियां समर्पित की जाएंगी। उन्होंने सामाजिक संगठनों और विद्यालयों से राखियां उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इन राखियों को वात्सल्य ग्राम की बेटियां रक्षाबंधन पर देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले प्रहरियों की कलाई पर बांधेंगी।

वरिष्ठ पत्रकार एवं साकेतवासी भानु प्रताप शुक्ल की जयंती को राष्ट्र चिंतन दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अधिष्ठात्री साध्वी ऋतम्भरा, पूर्व अपर महाधिवक्ता उत्तर प्रदेश सरकार रमेश सिंह, पूर्व ऊर्जा राज्य मंत्री रविकांत गर्ग और महेश खंडेलवाल ने वीणावादिनी वागेश्वरी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर तथा भानु प्रताप शुक्ल के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
साध्वी ऋतम्भरा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारों को सत्य के पक्षधर रहना चाहिए और प्रलोभन तथा भय से मुक्त होकर राष्ट्र के लिए संवाहक की भूमिका निभानी चाहिए। विमर्श के संग्राम में राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पक्ष-विपक्ष में पड़कर किसी के हाथ का खिलौना बनने के बजाय पत्रकारों को सत्य को सामने लाने का कार्य करना चाहिए। उन्होंने भानु प्रताप शुक्ल के जीवन और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को भी याद किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में देशभक्ति कविता, वाद-विवाद, चित्रांकन और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। काव्य पाठ प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में ओजस्विनी सदन की समीक्षा मिश्रा प्रथम रहीं, जबकि यशस्विनी सदन की अरात्रिका भारी और तेजस्विनी सदन की अदिति चौधरी ने क्रमश: द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।

चित्रांकन प्रतियोगिता में अंशिका ने प्रथम, अंशी द्विवेदी ने द्वितीय और रिया चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ‘मीडिया लोकतंत्र का सबसे मजबूत स्तंभ है’ विषय पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में हिमांशी प्रथम, श्रेया सक्सेना द्वितीय और इशू तृतीय रहीं। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में तपस्विनी सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में विद्यालय चेयरमैन संजय मैया, विद्यालय निर्देशिका सुमनलता, कमांडेड ग्रुप ऑफ संविद् स्कूल के एसके शर्मा, प्रेम कुमार सिंह, प्राचार्या पूजा सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। संचालन कवि डॉ. उमाशंकर राही और शिक्षक धनंजय मिश्रा ने किया।