स्वतंत्रता दिवस पर नगर निगम परिसर देशभक्ति के संदेश से गूंजा

नगर आयुक्त ने ध्वजारोहण कर किया पौधारोपण, अधिकारियों कर्मचारियों को दिलाई शपथ

मथुरा । नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ भूतेश्वर स्थित नवीन कार्यालय परिसर में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः आठ बजे नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ।

ध्वजारोहण के उपरांत नगर आयुक्त ने पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की स्वतंत्रता, एकता एवं अखंडता के मूल्यों को बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर आयुक्त ने मुख्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित ब्रज और स्वच्छ-सुंदर मथुरा-वृन्दावन का संदेश दिया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। इसके बाद अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह और मुख्य अभियंता संजय सिंह चौहान सहित अधिकारियों ने पुष्प भेंट कर नगर आयुक्त का स्वागत किया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सेंट पॉल स्कूल डेम्पियर नगर के विद्यार्थियों ने पहलगाम आतंकी हमले की घटना पर आधारित भावपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से वीर जवानों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि हजारीमल सोमानी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

स्वतंत्रता दिवस के महत्व और अमर शहीदों के बलिदान पर पार्षद राजीव कुमार , गुलशन और गुलवीर ने विचार व्यक्त किए। रमाशंकर पांडे ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कविता का पाठ किया।

अपने संबोधन में नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों, पार्षदों और नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने दायित्वों को याद करने और आत्ममंथन करने का भी अवसर है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को स्वतंत्रता संग्राम, अमर शहीदों और राष्ट्रप्रेम से जुड़ी प्रेरणादायी कहानियां सुनाने का आह्वान किया, ताकि नई पीढ़ी देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से परिचित हो सके।

नगर आयुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर हमें यह भी विचार करना चाहिए कि पिछले वर्षों की तुलना में हमने कितनी प्रगति की है और आने वाले समय में प्रदेश एवं देश को बेहतर बनाने के लिए व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से क्या योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ, सुरक्षित और पर्यावरण के प्रति जागरूक शहर का निर्माण भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि मथुरा-वृन्दावन भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी होने के साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसलिए ब्रज की स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, गीले और सूखे कचरे को अलग रखने तथा स्वच्छता अभियानों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले छात्र-छात्राओं को नगर आयुक्त ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा और देशभक्ति की भावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने आभार व्यक्त किया। संचालन अरुण खण्डेलवाल ने किया।

इस अवसर पर पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त सुनीता कुमारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के वृन्दावन, भूतेश्वर, औरंगाबाद एवं जनरल गंज स्थित चारों जोनल कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं स्वतंत्रता के मूल्यों को बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।