स्वतंत्रता दिवस से पहले खाद्य विभाग की सख्ती, मथुरा में मिठाइयों और बटर टोस्ट के 5 नमूने भरे

मथुरा । स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत जनपद में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ और जिलाधिकारी मथुरा के निर्देश पर विशेष अभियान चलाते हुए खाद्य विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने लक्ष्मी नगर स्थित सोना मिठाई से बूंदी लड्डू का एक नमूना, पुराना बस स्टैंड क्षेत्र से बूंदी का एक नमूना, गोवर्धन रोड स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार से बूंदी लड्डू का एक नमूना तथा छटीकरा स्थित मधु मिष्ठान भंडार से बूंदी का एक नमूना संग्रहित किया।

इसके अलावा सोशल मीडिया पर प्रसारित ब्रजवासी स्वीट्स के दूषित बटर टोस्ट की सूचना का संज्ञान लेते हुए एक बटर टोस्ट का नमूना भी लिया गया। इस प्रकार कुल 5 नमूने एकत्र कर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान खाद्य सचल दल में धर्मेंद्र सिंह, अरुण कुमार राणा, जितेंद्र सिंह, रामनरेश, दिनेश कुमार भारती, मोहर सिंह कुशवाह, रीना शर्मा और नेहा खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे।