नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को यहां असम के सांसदों से मुलाकात कर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बाढ़ की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की।श्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार प्रभावित लोगों की मदद के लिए असम सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने राज्य के लोगों की सुरक्षा और कुशलता के लिए प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा ,” असम के सांसदों से मुलाकात की और राज्य के विभिन्न भागों में वर्तमान बाढ़ की स्थिति पर चर्चा की। केंद्र सरकार प्रभावित लोगों की मदद के लिए असम सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है। मैं सभी की सुरक्षा और कुशलता के लिए प्रार्थना करता हूं।” उल्लेखनीय है कि असम के शिवसागर, गोलाघाट, चराईदेव, जोरहाट, नगांव और कामरूप सहित छह प्रमुख जिलों में बाढ के कारण करीब पांच लोग प्रभावित हैं। राज्य के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में विस्थापित लोगों के रहने के लिए 90 से अधिक राहत शिविर और 94 राहत वितरण केंद्र बनाये गये हैं। राज्य में बाढ़ के कारण 37,000 हेक्टेयर से अधिक की फसल डूब गई है और हजारों मवेशी बह गए हैं।