मथुरा में राजेश चौधरी का ऐतिहासिक अभिनंदन: ‘समर्पित कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी’
मसानी लिंक रोड पर उमड़ा कार्यकर्ताओं व उद्योगपतियों का जनसैलाब
कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बोले— ‘राजेश चौधरी के नेतृत्व में ब्रज में और मजबूत होगी भाजपा’
मथुरा । भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री और माँट विधानसभा क्षेत्र से लोकप्रिय विधायक राजेश चौधरी का रविवार को मथुरा आगमन पर ऐतिहासिक नागरिक व संगठनात्मक अभिनंदन किया गया। भाजपा महानगर एवं जिला इकाई द्वारा मसानी लिंक रोड स्थित ओम पैराडाइज में आयोजित ‘आशीर्वाद एवं अभिनंदन समारोह’ में कार्यकर्ताओं, शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों और आम जनता का जबरदस्त जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता देखने लायक रही।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन ने एक सच्चे और समर्पित कार्यकर्ता की पहचान कर उसे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा, “राजेश चौधरी का प्रदेश महामंत्री बनना उनके वर्षों के संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण और पार्टी के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतिफल है। हमें पूरा विश्वास है कि उनके नेतृत्व में भाजपा नई ऊंचाइयों को छुएगी।”
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व विधायक कारिन्दा सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष व विधायक श्याम सिंह अहेरिया तथा भाजपा ब्रजक्षेत्र महामंत्री नागेन्द्र सिकरवार पूर्व महानगर अध्यक्ष चेतन स्वरूप पाराशर ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राजेश चौधरी को प्रदेश संगठन में स्थान मिलना केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि संपूर्ण ब्रज क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव की बात है।
पूर्व जिलाध्यक्ष पदम सिंह शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस भव्य समारोह में पूर्व ब्लॉक प्रमुख पन्ना लाल गौतम, राजकुमार अग्रवाल, घनश्याम सिंह लोधी, निरंजन सिंह धनगर, राकेश चतुर्वेदी ‘गुरुजी’, भाजपा महामंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी, ज्ञानेंद्र राणा, विनीत शर्मा, ललित गौतम, जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा, दीपक गोला, अंकुर गुर्जर, कल्पना गर्ग सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला उपाध्यक्ष मुकेश वार्ष्णेय ने किया। अंत में भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव एवं निर्भय पांडे ने सभी मंचासीन अतिथियों, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।