बूथ कार्यकर्ता भाजपा की सबसे बड़ी ताकत , 2027 मिशन पर फोकस रखें: राजेश चौधरी

मथुरा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं मांट विधायक राजेश चौधरी ने कहा कि किसी भी संगठन के कार्यकर्ता उसके प्राण होते हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के बल पर ही भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” के संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

मांट विधानसभा क्षेत्र के टेंटीगांव में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करते हुए राजेश चौधरी ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लक्ष्य पर उसी तरह ध्यान केंद्रित करना होगा, जैसे अर्जुन ने मछली की आंख पर अपनी निगाह केंद्रित की थी। उन्होंने सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों की शत-प्रतिशत उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह भाजपा के अनुशासित संगठन होने का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सेना का जवान सीमा पर देश की रक्षा करता है, उसी प्रकार पार्टी का बूथ कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए दिन-रात कार्य करता है।

सम्मेलन के मुख्य वक्ता ब्रज क्षेत्र भाजपा के महामंत्री नागेंद्र सिकरवार ने कहा कि सभी बूथ अध्यक्षों को कार्यवाही रजिस्टर के अनुसार अपने बूथ को मजबूत करना होगा और संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित जानकारी जिला कार्यालय को देनी होगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष अपनी संगठनात्मक संरचना तैयार कर नेतृत्व को अवगत कराएगा, जिसकी निगरानी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर की जाएगी। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी की ओर से कार्यवाही रजिस्टर उपलब्ध कराया जा रहा है।

नागेंद्र सिकरवार ने कहा कि भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्ता को भी बड़ी जिम्मेदारी मिलने की पूरी संभावना रहती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में साधारण कार्यकर्ताओं को विधानसभा और लोकसभा का टिकट देकर नेतृत्व का अवसर दिया गया है।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री अमन ठाकुर, अनिल चौधरी, जिला उपाध्यक्ष वीरचंद गुर्जर, मुकेश वार्ष्णेय, मांट विधानसभा के मंडल अध्यक्ष रिंकू प्रधान, जितेंद्र चौधरी, दुर्गेश प्रधान, संजय ठाकुर, वीरेंद्र शर्मा, राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।