यूपी कैबिनेट में 18 प्रस्तावों पर मुहर : दो नए एक्सप्रेसवे, छात्राओं को स्कूटी, 220 नई ईवी बसें खरीदने का फैसला

लखनऊ । राजधानी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट बैठक में 18 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में दो नए एक्सप्रेसवे के निर्माण, छात्राओं के लिए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना, 220 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद, नए छात्रावासों के निर्माण और अग्निशमन विभाग के आधुनिकीकरण समेत कई बड़े फैसले लिए गए।

दो नए एक्सप्रेसवे को मिली मंजूरी
कैबिनेट ने प्रयागराज–सोनभद्र एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी दी। यह एक्सप्रेसवे 333 किलोमीटर लंबा होगा और इसकी अनुमानित लागत करीब 26 हजार करोड़ रुपये होगी।
इसके अलावा विंध्य–पूर्वांचल लिंक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को भी स्वीकृति दी गई। 117 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे पर 9,039 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें 5,628 करोड़ रुपये निर्माण कार्य और 1,731 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण पर खर्च होंगे। यह एक्सप्रेसवे गाजीपुर, मिर्जापुर और चंदौली से होकर गुजरेगा तथा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा।
कैबिनेट ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे और अन्य परियोजनाओं के ईपीसी मोड में निर्माण के लिए विकासकर्ता चयन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। वहीं पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 1.18 किलोमीटर लंबे डायवर्जन के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई।

टॉप छात्राओं को मिलेगी स्कूटी
उच्च शिक्षा विभाग के प्रस्तावों के तहत रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी दी गई। योजना के तहत प्रदेश के सभी कॉलेजों की टॉप-5 छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। इसके लिए 400 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जिससे करीब 50 हजार छात्राएं लाभान्वित होंगी।

शोध पीठ और महिला छात्रावास
भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालयों में शोध पीठ स्थापित की जाएगी। इसके लिए विश्वविद्यालयों को 2 करोड़ रुपये और महाविद्यालयों को 1 करोड़ रुपये तक की सहायता दी जाएगी। यह राशि फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में रखी जाएगी और ब्याज से शोध गतिविधियां संचालित होंगी। वाराणसी स्थित बसंत महिला विश्वविद्यालय में 2.48 करोड़ रुपये की लागत से 112 छात्राओं की क्षमता वाला नया छात्रावास बनाया जाएगा।

मानसून सत्र 3 से 6 अगस्त तक
कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश धानमंडल का मानसून सत्र 3 से 6 अगस्त तक आयोजित करने का निर्णय लिया। इस दौरान सरकार अपने विधायी कार्यों के साथ अनुपूरक बजट भी पेश करेगी।
वाराणसी में 6 हजार वर्गमीटर भूमि पर 500 छात्राओं की क्षमता वाला सीएम श्रमजीवी छात्रावास बनाया जाएगा। इससे पहले झांसी, मेरठ, आगरा और गोरखपुर में भी ऐसे छात्रावासों को मंजूरी दी जा चुकी है।

220 नई ईवी बसें और अग्निशमन विभाग को नई ताकत
कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के लिए 220 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को मंजूरी दी। करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से खरीदी जाने वाली ये बसें 42 और 50 सीटर होंगी। इसके अलावा अग्निशमन विभाग के लिए 44 वाटर टैंकर और 5 फोम टैंकर खरीदे जाएंगे, ताकि संकरी गलियों और दुर्गम क्षेत्रों में भी राहत एवं बचाव कार्य तेजी से किया जा सके। बैठक में महिला कल्याण, सचिवालय प्रशासन, गृह, राज्यकर, परिवहन, स्टांप एवं पंजीकरण तथा सहकारिता विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गई। साथ ही आउटसोर्सिंग निगम के पोर्टल और कर्मचारियों के वेतन के लिए 20 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी गई।