श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के लिए होने वाली 9 अगस्त की कारसेवा स्थगित, अगली तिथि दिल्ली में होगी घोषित
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए प्रस्तावित 9 अगस्त की कारसेवा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित संजय हरियाणा ने बताया कि सावन माह के दौरान बड़ी संख्या में कांवड़िए मथुरा-वृंदावन पहुंचते हैं, ऐसे में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि सावन मास सनातन परंपरा में अत्यंत महत्वपूर्ण होता है और इस दौरान प्रदेश भर से कांवड़िए विभिन्न मार्गों से होते हुए मथुरा-वृंदावन पहुंचकर गोपेश्वर मंदिर में जलाभिषेक करते हैं। भारी भीड़ और आवागमन के चलते किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए कारसेवा को स्थगित करना आवश्यक समझा गया।
पंडित संजय हरियाणा ने बताया कि कारसेवा की अगली तिथि की घोषणा अब दिल्ली स्थित मंदिर मार्ग पर अखिल भारत हिंदू महासभा भवन में की जाएगी। इस संबंध में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतगुरु स्वामी चक्रपाणि महाराज की अध्यक्षता में साधु-संतों और विभिन्न अखाड़ों की बैठक होगी, जिसमें चित्रगुप्त पीठ के प्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पक्षों से विचार-विमर्श के बाद नई तिथि तय कर व्यापक स्तर पर कारसेवा का आयोजन किया जाएगा।