मथुरा-वृंदावन नगर निगम बनेगा हाईटेक: भूतेश्वर मुख्यालय की हर गतिविधि पर होगी नगर आयुक्त की सीधी नजर, चप्पे-चप्पे पर लगेंगे कैमरे
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने तीनों मंजिलों का किया बारीकी से निरीक्षण, सभी जोनल कार्यालय भी होंगे अत्याधुनिक सीसीटीवी प्रणाली से लैस
मथुरा। स्मार्ट सिटी की अवधारणा को साकार करने और जनसुविधाओं के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने एक बड़ा कदम उठाया है। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने नगर निगम के भूतेश्वर मुख्यालय का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूरे परिसर को अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरा प्रणाली से सुसज्जित करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
वर्तमान में भूतेश्वर मुख्यालय के केवल कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही सीसीटीवी कैमरे सक्रिय हैं, जिसके चलते पूरे परिसर की प्रभावी निगरानी नहीं हो पा रही थी। इसी कमी को दूर करने और प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त ने मुख्यालय को पूर्ण रूप से सीसीटीवी निगरानी नेटवर्क के दायरे में लाने का निर्णय लिया है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने मुख्यालय की तीनों मंजिलों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से उन संवेदनशील कार्यालयों और पटलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिकों का आवागमन होता है। इसके अलावा
भवन के सभी गलियारों, पोर्च, सीढ़ियों और मुख्य आवागमन मार्गों को कवर किया जाएगा।
वाहन पार्किंग के प्रवेश व निकास द्वार सहित संपूर्ण पार्किंग क्षेत्र में कैमरे लगेंगे।
भवन के बाहरी परिसर में आने-जाने वाले सभी वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी है कि भूतेश्वर मुख्यालय का कोई भी महत्वपूर्ण हिस्सा सीसीटीवी की नजर से अछूता न रहे, ताकि नागरिकों की सुरक्षा और पारदर्शिता को नई मजबूती मिल सके। इस पूरी प्रणाली का एक केंद्रीय मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम सीधे नगर आयुक्त कार्यालय में स्थापित किया जाएगा, जहां से पूरे परिसर की गतिविधियों पर स्वयं नगर आयुक्त नजर रखेंगे। इससे कार्यालय की कार्यप्रणाली में सुधार होगा और कर्मचारियों की उपस्थिति व गतिविधियों की भी प्रभावी मॉनिटरिंग हो सकेगी।
भूतेश्वर मुख्यालय में इस आधुनिक व्यवस्था के स्थापित होने के तुरंत बाद, दूसरे चरण में नगर निगम मथुरा-वृंदावन के सभी जोनल कार्यालयों में भी अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। नगर निगम के इस कदम से न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद होगी, बल्कि सरकारी कामकाज में पारदर्शिता आने से आम जनता को एक बेहतर और सुरक्षित माहौल मिल सकेगा।