मथुरा। ब्रजमंडल के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या पिछले चार-पांच वर्षों में करीब दस गुना बढ़ गई है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु बांके बिहारी मंदिर और द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालु दोनों मंदिरों का समय एक समान मानकर आते हैं, लेकिन जब उन्हें द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन नहीं मिल पाते तो उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है।
मंदिर में विभिन्न झांकियों के दौरान भारी भीड़ रहती है, जिससे श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन करना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल महानगर के पदाधिकारियों ने 108 डॉ. बागीश कुमार महाराज (कांकरोली नरेश) से मंदिर में मुलाकात की। इस दौरान उन्हें षष्ठीपूर्ति उत्सव की शुभकामनाएं भी दी गईं।
महानगर अध्यक्ष अजय चतुर्वेदी ने बताया कि द्वारकाधीश मंदिर क्षेत्र में लगभग 200 व्यापारिक प्रतिष्ठान संचालित हैं, जिनसे करीब 2000 कर्मचारियों के परिवारों का पालन-पोषण होता है। उन्होंने कहा कि मंदिर का समय मथुरा के व्यापार का मुख्य आधार है।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में शाम 7:30 बजे मंदिर बंद होने के बाद बाजारों में सन्नाटा छा जाता है। इसलिए मंदिर का समय रात 8:30 बजे तक बढ़ाए जाने का निवेदन किया गया, ताकि बाजारों में रौनक बनी रहे और व्यापार को भी गति मिल सके।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अंशुल अग्रवाल, महानगर महामंत्री राजेश गोयल, सचिन अरोरा, मीडिया प्रभारी अखिलेश मिश्रा (पिंटू), युवा महानगर अध्यक्ष मानिक शर्मा, कपिल देव चतुर्वेदी, श्याम गोसाई, मुरारी लाल उपाध्याय, बृजेंद्र चतुर्वेदी, हरिशंकर, के.पी. शर्मा, सूर्यकांत चतुर्वेदी, बृज आनंद, प्रदीप चतुर्वेदी, विनोद बंसल, प्रवीण अग्रवाल, नवनीत चतुर्वेदी एडवोकेट, चंद्र किशोर शर्मा, योगेश चतुर्वेदी, साकेत शर्मा, मुकेश भोरे, दिनेश गोयल, ऋषि कुमार गोयल, प्रमोद पंडित, दीपक बनारसी, अभिषेक मिश्रा, सुमित बंसल, राजीव अग्रवाल, अनूप अग्रवाल सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.