राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मथुरा-वृंदावन दौरे को लेकर अलर्ट , 19-20 मार्च को कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध
मथुरा । राष्ट्रपति के 19 व 20 मार्च 2026 को मथुरा-वृंदावन आगमन को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के तहत शहर में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। पुलिस प्रशासन द्वारा जारी व्यवस्था के अनुसार 19 व 20 मार्च को सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक मथुरा और वृंदावन के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा तथा कई स्थानों पर डायवर्जन लागू रहेगा।
प्रशासन के अनुसार वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान लक्ष्मीनगर तिराहा, कृष्णापुरी तिराहा, एनसीसी तिराहा, टैंक चौराहा, स्टेट बैंक चौराहा, नया बस स्टैंड, गोकुल वैराज तिराहा, धौली प्याऊ तिराहा, बिजलीघर तिराहा, भूतेश्वर तिराहा, मसानी चौराहा, डीगगेट, सौंख अड्डा, भरतपुर गेट, यादव चौराहा, केजेएस तिराहा सहित कई प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा भारी और कॉमर्शियल वाहनों के लिए विशेष प्रतिबंध लागू किए गए हैं। रोडवेज बसों और भारी वाहनों को एनएच-19 और जयगुरुदेव अंडरपास होते हुए औद्योगिक क्षेत्र और मालगोदाम मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं गोवर्धन चौराहा और मंडी चौराहा से भूतेश्वर की ओर जाने वाले भारी वाहन व ट्रैक्टरों का प्रवेश भी बंद रहेगा।
वृंदावन में भी रहेगा कड़ा ट्रैफिक कंट्रोल
वृंदावन क्षेत्र में भी वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान परिक्रमा मार्ग सहित कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पानीगांव चौराहा, अटल्ला चौराहा, चुंगी चौराहा, पापड़ी चौराहा, रमणरेती, इस्कॉन मंदिर मार्ग, रुक्मिणी विहार, छटीकरा अंडरपास, सुनरख तिराहा और राल तिराहा सहित कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी।
भारी वाहनों के लिए डायवर्जन
प्रशासन ने भारी और कॉमर्शियल वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं।
छटीकरा से वृंदावन होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे जाने वाले वाहन मथुरा-बरेली हाईवे से होकर एक्सप्रेसवे की ओर जाएंगे।
मसानी चौराहा व गोकुल रेस्टोरेंट से वृंदावन जाने वाले भारी वाहन भी मथुरा-बरेली हाईवे से डायवर्ट किए जाएंगे।
यमुना एक्सप्रेसवे से वृंदावन होते हुए एनएच-19 जाने वाले वाहन राया कट से होकर मथुरा-बरेली हाईवे के रास्ते जाएंगे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान भी फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को आवागमन की अनुमति रहेगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें, ताकि राष्ट्रपति के कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।