गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति संकट को लेकर कांग्रेस ने किया होलीगेट पर प्रदर्शन

मथुरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर देश में बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि और नियमित आपूर्ति न होने के विरोध में रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी मथुरा के तत्वावधान में होली गेट चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति न होने के कारण कालाबाजारी चरम पर पहुंच गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और 19 किलो वाले व्यावसायिक सिलेंडर के दाम में 115 रुपये की बढ़ोतरी से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि आपदा में अवसर तलाशने वाले कालाबाजारी करने वाले सक्रिय हैं और यही भाजपा सरकार का राष्ट्रीय चरित्र बन गया है।
उन्होंने कहा कि एक ओर आम जनता बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है, वहीं केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार केवल खोखले दावों और घोषणाओं में व्यस्त है। गैस सिलेंडर की बुकिंग जहां पहले 15 दिन बाद हो जाती थी, उसे बढ़ाकर 25 से 30 दिन कर दिया गया है। लोग मजबूरी में 1200 से 1500 रुपये तक में सिलेंडर खरीदने को विवश हैं।
जिला कांग्रेस महासचिव वैद्य मनोज गौड़ ने कहा कि यदि विदेश नीति के स्तर पर समय रहते बदलाव नहीं किया गया और भारत का ईरान से दूरी का रुख जारी रहा तो देश में गैस संकट और गंभीर हो सकता है।
पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम बाल्मिकि ने कहा कि एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से अनेक होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं। गरीबों और जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने वाली संस्थाओं की रसोइयां भी प्रभावित हो रही हैं वहीं व्यावसायिक गैस महंगी होने से शादी-विवाह और अन्य समारोहों को लेकर लोगों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।
इस दौरान प्रदर्शन में उमाशंकर शर्मा, शालू अग्रवाल, रूप लवानिया, गीता दिवाकर, भगवान देवी, कुंवर सिंह निषाद, विपुल पाठक, पार्षद धनंजय चौधरी, अबरार कुरैशी, पुनीत बघेल, जिलानी कादरी, अश्वनी शुक्ला, प्रवीण ठाकुर, अनम धन्य तिवारी, हरीश पचौरी, विवेक अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, रवि वाल्मीकि, करन, संदीप चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, दीपक आर्य, बालवीर प्रधान, राकेश शुक्ला, अर्पित जादौन, विपिन चौधरी, अशोक सैनी, धीरज शर्मा, हर्ष चौरसिया, खुशीराम पटेल, पंकज चौधरी, महेश चौबे, अमित राज, राकेश शर्मा, योगेश यादव, गौरीशंकर यादव, पवन ठाकुर, हाशिम हुमेर, पुनीत शर्मा, राजा गौतम, ललिता देवी, भगवान सिंह, डीपी, हरिदत्त शर्मा, अनिल खरे, ललित शर्मा, पीयूष अग्रवाल, निशू यादव, देवेंद्र निषाद, सुरेश शर्मा, विवेक कुमार, राजेश कुमार, गौरांग अग्रवाल, अजीम शाह, देवेंद्र पाल सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।