राष्ट्रपति के आगमन से पहले वृंदावन में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा विद्युत निगम

मथुरा/वृंदावन। 19 मार्च को द्रौपदी मुर्मू के वृंदावन आगमन को लेकर पूरे जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए विभिन्न सरकारी विभाग अपनी-अपनी व्यवस्थाओं को दुरुस्त और बेहतर बनाने में जुट गए हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों ने शनिवार को वृंदावन के प्रमुख धार्मिक स्थलों और मार्गों का निरीक्षण कर बिजली व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने बाबा नीम करोरी महाराज आश्रम, इस्कॉन मंदिर वृंदावन, उड़िया बाबा आश्रम, श्री हित राधा केली कुंज आश्रम तथा प्रेम मंदिर रामकृष्ण हॉस्पिटल सहित आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान लटकती झूल रहे केबिल को टाइट कराया गया तथा आड़े तिरछे खड़े डीपी बॉक्स को सीधा कर उन्हें सुरक्षित किया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या दुर्घटना की संभावना न रहे।

अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व सभी विद्युत व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं और किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता राजीव गर्ग, अधिशासी अभियंता अनिल कुमार कपिल, एसडीओ संदीप वार्ष्णेय तथा जेई रवि कुमार मौर्य सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।