मथुरा। मार्च माह की 23 तारीख को मनाई जाने वाले यमुना छठ पर्व को लेकर मथुरा में तैयारियां तेज हो गई हैं। यह दिन माँ यमुना का अवतरण दिवस माना जाता है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मथुरा वृंदावन नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख यमुना घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। घाटों की व्यापक सफाई कराते हुए वहां जमी सिल्ट (गाद) को हटाया जा रहा है, ताकि पर्व के अवसर पर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को स्नान और पूजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल एवं नगर आयुक्त जग प्रवेश के निर्देशों के अनुपालन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार तथा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल की उपस्थिति में शहर के प्रमुख घाटों पर सफाई कार्य कराया गया।
अभियान के अंतर्गत विश्राम घाट, राजा घाट, बंगाली घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों की गहन सफाई कराते हुए सिल्ट हटाने का कार्य कराया जा रहा है। इससे घाटों का जलस्तर संतुलित बना रहेगा और श्रद्धालुओं को स्नान में सुविधा मिलेगी।
नगर निगम द्वारा घाटों पर स्वच्छता, सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यमुना छठ पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुनिश्चित कर ली जाएंगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्वच्छता अभियान के दौरान अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल, सफाई निरीक्षक राजकुमार लवानिया, महेश काजू सहित नगर निगम की टीम द्वारा घाटों पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी भी उपस्थित रहे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.