सॉफ्टवेयर इंजीनियर से बना ‘साधु’, 15 साल बाद लौटा तो पत्नी ने बीच सड़क कर दी धुनाई
मांट क्रॉसिंग पर हाई-वोल्टेज ड्रामा: पत्नी ने पीछा कर पकड़ा, कार के शीशे तोड़े; पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
मथुरा/राया। कस्बा राया थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने 15 साल पहले उसे छोड़कर भागे अपने पति को साधु के वेष में पकड़ लिया। मांट रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई इस भिड़ंत में महिला का गुस्सा इस कदर फूटा कि उसने बीच सड़क पर ही ‘साधु’ पति की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने आरोपी की कार के शीशे भी तोड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित महिला के अनुसार उसका विवाह 19 साल पहले मांट क्षेत्र के एक युवक से हुआ था। युवक पंजाब के जालंधर (पठानकोट) में एक नामी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर तैनात था। आरोप है कि नौकरी के दौरान ही उसका संबंध कंपनी की एक अन्य महिला से हो गया। इसके बाद वह अपनी पत्नी और बच्चों को लावारिस छोड़कर अपनी प्रेमिका के साथ रहने लगा। पिछले 15 सालों से वह परिवार से पूरी तरह कटा हुआ था।
महिला को सूचना मिली थी कि उसका पति साधु का वेष धारण कर राया क्षेत्र में आया हुआ है। सूचना मिलते ही पीड़िता ने अपने परिचितों के साथ जाल बिछाया और मांट क्रॉसिंग के समीप उसे घेर लिया। जैसे ही पति की पहचान हुई महिला का सब्र टूट गया। उसने कार से उतारकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। सड़क पर मचे इस हंगामे के कारण घंटों तक यातायात बाधित रहा। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साधु के वेष में मौजूद शख्स को भीड़ से बचाकर थाने ले आई।
एक महिला द्वारा अपने पति को पहचान कर मारपीट की सूचना मिली थी। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पारिवारिक विवाद और बेवफाई के आरोपों की जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
— प्रभारी निरीक्षक, थाना राया
सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘पिटाई’
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने इस पूरे ड्रामे का वीडियो बना लिया। वीडियो में महिला आक्रोश में चिल्लाती और अपने बच्चों के हक की बात करती दिख रही है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी वास्तव में साधु बन चुका है या केवल पहचान छिपाने के लिए उसने यह वेष धारण किया था।